इंटरनेशनल डेस्क : वर्ष 2025 शांगहाई सहयोग संगठन का “चीन वर्ष” है। विभिन्न क्षेत्रों में संबंधित देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के लिए, 1 जुलाई को चीन के थ्येनचिन शहर में वैश्विक सतत परिवहन शिखर सम्मेलन मंच के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रूस, पाकिस्तान, अजरबैजान आदि सहित 20 देशों और क्षेत्रों के 30 से अधिक अतिथियों ने वैश्विक सतत परिवहन विकास और सहयोग रूपरेखा दस्तावेज़, वैश्विक सतत परिवहन विकास रिपोर्ट, और वैश्विक सतत परिवहन सर्वोत्तम अभ्यास मामले जैसे तीन विषयों पर चर्चा की।
अज़रबैजान गणराज्य के डिजिटल विकास और संचार मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि जैसे-जैसे ट्रांस-कैस्पियन अंतर्राष्ट्रीय परिवहन गलियारे के निर्माण में सुधार जारी रहेगा, अंतर्संबंधित परिवहन प्रणाली मार्ग के किनारे स्थित देशों के आर्थिक विकास को और बढ़ावा देगी। उनका कहना है कि “मध्य गलियारा” अधिक तेज, अधिक सुरक्षित और अधिक विश्वसनीय है, क्योंकि “मध्य गलियारे” के माध्यम से माल परिवहन में केवल 15 दिन लगते हैं, जो कि मूल समय का एक-चौथाई है, जबकि समुद्री मार्ग से शिपिंग में लगभग 60 दिन लगते हैं।
वहीं, पाकिस्तान परिवहन मंत्रालय के सड़क परिवहन अधिकारी ने कहा कि हाल के वर्षों में, चीन और पाकिस्तान ने परिवहन के क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग किया है और हरित परिवहन, डिजिटल परिवहन और अन्य पहलुओं में फलदायी परिणाम प्राप्त किए हैं। पाकिस्तान ने न केवल शहरी परिवहन के क्षेत्र में, बल्कि अंतर-शहरी परिवहन के क्षेत्र में भी अनेक कदम उठाए हैं। वर्तमान में, प्रासंगिक कार्य प्रगति पर है और वे इस क्षेत्र में पाकिस्तान और चीन के बीच सहयोग की बहुत आशा करते हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

