Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

फोर्ब्स: चीन में सेवा क्षेत्र की तेज़ी से वृद्धि वैश्विक कंपनियों के लिए विशाल अवसर

December 1, 2025

फोर्ब्स: चीन में सेवा क्षेत्र की तेज़ी से वृद्धि वैश्विक कंपनियों के लिए विशाल अवसर

China News: अमेरिकी व्यावसायिक पत्रिका ‘फ़ोर्ब्स’ की वेबसाइट पर प्रकाशित एक ताज़ा रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी उपभोक्ताओं का सेवाओं पर ख़र्च लगातार बढ़ रहा है, जो विश्व भर की कंपनियों के लिए विशाल कारोबारी अवसर पैदा कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, युगीन बदलाव को सही समय पर भाँपने वाली विदेशी कंपनियाँ और संस्थान इस नए रुझान से लाभ उठाना शुरू कर चुके हैं।

रिपोर्ट में चीन के आधिकारिक आँकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि वर्ष 2024 में चीन में खुदरा सेवा बिक्री में वर्ष 2023 की तुलना में 6.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो समान अवधि में वस्तुओं की खुदरा बिक्री की वृद्धि दर से 3 प्रतिशत अधिक रही। रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि अंतरराष्ट्रीय अनुभव यह दर्शाते हैं कि जब किसी देश का प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) लगभग 15 हज़ार अमेरिकी डॉलर के आसपास पहुँच जाता है, तो उपभोग संरचना में तेज़ बदलाव आता है और वस्तु-केन्द्रित उपभोग से सेवा-केन्द्रित उपभोग की ओर झुकाव बढ़ जाता है। चीन की प्रति व्यक्ति जीडीपी अभी 13 हज़ार अमेरिकी डॉलर से अधिक है, ऐसे में सेवा-उपभोग तेज़ी से विकास के एक नये चरण में प्रवेश कर चुका है।

फ़ोर्ब्स की रिपोर्ट में शामिल एक साक्षात्कार में वरिष्ठ व्यावसायिक विद्वान और ड्यूक कुनशान युनिवर्सिटी के कार्यकारी कुलाध्यक्ष जॉन क्वेल्च ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत, मीडिया, मनोरंजन, खेल प्रतियोगिताएँ और पर्यटन जैसी सेवा-आधारित गतिविधियाँ चीन सरकार की नीतिगत प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन क्षेत्रों को प्रोत्साहन मिल रहा है। उनके अनुसार, ये
सेवा-आधारित अनुभव न केवल उपभोक्ताओं के लिए वास्तविक मूल्य पैदा करते हैं, बल्कि समग्र आर्थिक गतिविधि में भी नई ऊर्जा भरते हैं।

जॉन क्वेल्च ने विशेष रूप से इस बात पर ज़ोर दिया कि पर्यटन चीन में एक अत्यंत आशाजनक विकास क्षेत्र के रूप में उभर कर सामने आ रहा है। उनका मानना है कि चीन के युवा उपभोक्ता समूहों द्वारा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों को दी जा रही बढ़ती तरजीह, वैश्विक स्तर पर व्यवसायों के विस्तार को मज़बूती प्रदान कर रही है।

जॉन क्वेल्च के अनुसार, जैसे-जैसे चीन बुनियादी ढाँचा निवेश-प्रेरित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर अपने अगले विकास चरण में प्रवेश कर रहा है, नई आर्थिक वृद्धि का बड़ा हिस्सा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उपभोग से आने वाला है। इस परिवर्तनशील परिदृश्य में सेवाओं पर होने वाला बढ़ता व्यय विदेशी और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए जबरदस्त अवसर लेकर आ रहा है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें