Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह आधिकारिक तौर पर द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन शुरू करेगा

July 24, 2025

हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह आधिकारिक तौर पर द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन शुरू करेगा

23 जुलाई को चीन के हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह (FTP) के निर्माण में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। चीन सरकार ने घोषणा की है कि हाईनान एफ़टीपी 18 दिसंबर, 2025 को आधिकारिक तौर पर एक द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन शुरू करेगा। “हाईनान द्वीप शून्य टैरिफ अधिमान्य नीतियों का आनंद ले सकता है”, “हाईनान का अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान अधिक स्वतंत्र और सुचारु होगा”… अंतर्राष्ट्रीय जनमत के दृष्टिकोण से, यह चीन के लिए अपने खुलेपन को और अधिक विस्तारित करने का एक ऐतिहासिक कदम है, जो न केवल चीन के आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि दुनिया के लिए अवसर भी लाएगा।

18 दिसंबर, 1978 को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 11वीं केंद्रीय समिति के तीसरे पूर्णाधिवेशन ने सुधार और खुलेपन तथा समाजवादी आधुनिकीकरण की महान यात्रा का शुभारम्भ किया था। ठीक 47 साल बाद उसी तारीख़ को, बढ़ते व्यापार संरक्षणवाद और आर्थिक वैश्वीकरण में प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद, हाईनान में द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन शुरू करने का एक महत्वपूर्ण प्रतीकात्मक महत्व है।

विश्लेषकों का मानना है कि एक ओर, यह उच्च-स्तरीय खुलेपन को बढ़ावा देने और आर्थिक वैश्वीकरण व बहुपक्षवाद की रक्षा करने के चीन के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। दूसरी ओर, यह दुनिया भर के देशों के लिए बड़ी संख्या में निर्यात अवसर और व्यापार व निवेश सहयोग के अवसर प्रदान करेगा। यह आर्थिक वैश्वीकरण का पुरज़ोर समर्थन करेगा और एक खुली विश्व अर्थव्यवस्था के निर्माण को बढ़ावा देगा।

उल्लेखनीय है कि हाईनान एफ़टीपी के द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन से इस प्रांत के अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान को अधिक सुचारु और मुक्त बनाया जाएगा, और देश के भीतरी इलाक़े के साथ इसके संबंधों को अधिक सुविधाजनक और कुशल बनाया जाएगा। द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन के बाद, पूरा हाईनान द्वीप सीमा शुल्क पर्यवेक्षण के तहत एक विशेष क्षेत्र बन जाएगा, जो अधिक उदार और सुविधाजनक नीति प्रणाली को लागू करेगा। यह “चार अधिक” में परिलक्षित होगा: माल के लिए अधिक तरजीही “शून्य टैरिफ़” नीति, अधिक शिथिल व्यापार प्रबंधन उपाय, अधिक सुविधाजनक मार्ग उपाय और अधिक कुशल पर्यवेक्षण मॉडल।

उदाहरण के तौर पर “शून्य टैरिफ” नीति को ही लें। हाईनान में द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन किए जाने के बाद, “शून्य टैरिफ” वस्तुओं का दायरा मौजूदा 1,900 टैरिफ वस्तुओं से बढ़कर लगभग 6,600 टैरिफ वस्तुओं तक हो जाएगा, जो सभी वस्तु कर वस्तुओं का लगभग 74% हिस्सा होगा, यह पहले की तुलना में 53 प्रतिशत अंकों की वृद्धि होगी। इससे आयात लागत में भारी कमी आएगी, बाजार में जीवंतता आएगी और उपभोक्ताओं तथा बाजार सहभागियों को लाभ होगा।

आंकड़ों के अनुसार, पिछले 5 वर्षों में, हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह ने वास्तव में 102.5 अरब युआन की विदेशी पूंजी का उपयोग किया है, जिसकी औसत वार्षिक वृद्धि 14.6% रही है। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 9.78 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया है, जिसकी औसत वार्षिक वृद्धि 97% रही है। 8,098 नए विदेशी निवेश वाले उद्यम स्थापित हुए हैं, जिनकी औसत वार्षिक वृद्धि 43.7% रही है। इसके साथ ही, 85 देशों के लोगों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश के साथ कर-मुक्त नीति और अन्य पर्यटन सुविधा उपाय, हाईनान को अंतर्राष्ट्रीय उपभोग और पर्यटन का एक नया केंद्र बना रहे हैं।

विश्लेषकों का मानना है कि हाईनान एफ़टीपी में द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन शुरू होने के बाद, इस प्रांत में आर्थिक गतिविधियों की स्वतंत्रता को काफ़ी बढ़ाया जाएगा, खुलेपन और सुरक्षा के बीच संतुलन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे वैश्विक निवेशकों के लिए हाईनान में निवेश करने और व्यवसाय शुरू करने के लिए संस्थागत परिस्थितियाँ तैयार होंगी। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में एक प्रमुख नोड के रूप में, हाईनान द्वीप की रसद दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे अंतर्राष्ट्रीय माल ढुलाई चैनलों का अनुकूलन होगा, उद्यमों के लिए सीमा पार व्यापार लागत कम होगी, और दुनिया को चीन के खुलेपन के लाभों को साझा करने का अवसर मिलेगा।

वर्तमान में, हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के द्वीप-व्यापी स्वतंत्र सीमा शुल्क संचालन की तैयारी मूल रूप से पूरी हो चुकी है, और बाहरी दुनिया के लिए खुलने का एक नया और उच्च-स्तरीय मंच दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें