Bangkok Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 63 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यह हाल के वर्षों में बैंकॉक में आग लगने की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
देर रात हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आग रविवार रात करीब 12 बजे बैंकॉक के चाटुचक जिले के लात फ्राओ इलाके में स्थित रोंग बीयर ना लैट फ्राओ नाम के पब में लगी। यह पब अपने लाइव म्यूजिक और बीयर हॉल के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरे पब में घना धुआं फैल गया। इससे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और अफरा-तफरी मच गई।
धुएं की वजह से फंस गए लोग
हादसे से बचकर निकले लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद वे बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन धुएं ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। कई लोग जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से में बने बाथरूम की ओर भागे, लेकिन वहां से बाहर निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं था। इसी कारण कई लोग अंदर ही फंस गए।
प्रधानमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना की जानकारी मिलने के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और हादसे की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। राहत कार्य में जुटी रुआमकातान्यू फाउंडेशन के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं और सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मृतकों और घायलों की जानकारी
बैंकॉक प्रशासन के अनुसार, हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है। इनमें 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 63 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पतालों में उनका इलाज जारी है।
35 मिनट में बुझी आग
दमकल विभाग के अधिकारी चक्रीट खोंगकोम ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। उस समय पूरा पब आग की लपटों में घिरा हुआ था और कई लोग अंदर फंसे हुए थे। दमकल कर्मियों ने करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बचाव अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला।
आग लगने की वजह की जांच जारी
फिलहाल आग लगने का सही कारण सामने नहीं आया है। शुरुआती जांच में स्टेज के पास इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पब में फायर एग्जिट मौजूद थे या नहीं और सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...