इक्कीसवीं सदी के शुरूआती सालों की बात है। भारतीय संस्था नास्कॉम यानी नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विस कंपनीज के प्रमुख किरण कार्णिक हुआ करते थे। उन्होंने तब एक बयान दिया था, उन्हें चीन के हार्डवेयर उद्योग की ओर से एक प्रस्ताव मिला था। चीनी हार्डवेयर कंपनियों की ओर से नास्कॉम को प्रस्ताव था कि कंप्यूटर उद्योग में भारत और चीन को मिलकर काम करना चाहिए। तब चीन की कंप्यूटर हार्डवेयर की दुनिया में तूती बोलने लगी थी और भारत के सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की प्रतिभा की सिलिकॉन वैली समेत तकरीबन पूरी दुनिया कायल हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें: दोस्त ने ही दोस्त को दी दर्दनाक मौत… कई टुकड़ों में काटकर खाली प्लॉट में फेंका शव
सोचिए अगर ऐसा होता, कंप्यूटर की दुनिया में अगर भारत और चीन दोनों साथ आते तो आज कंप्यूटर के संदर्भ पूरी दुनिया पर हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर तकनीकों के सहयोग के चलते एशिया यानी भारत और चीन का राज होता। भारत और चीन के राजनयिक संबंधों के 75 साल के संदर्भ इस तथ्य को भी रेखांकित किया जाना चाहिए। भारत में चीन के लोगों की दिलचस्पी प्राचीन काल से ही रही है। कह सकते हैं कि भारतीयों का भी ध्यान चीन की ओर रहा। इस दिलचस्पी की ही वजह से चीन से कई यात्री भारत आए। जिनमें फाह्यान, ह्वेनत्सांग और इत्सिंग प्रमुख हैं। भारत आने वाले पहले प्रमुख यात्री रहे फाह्यन, जिन्होंने करीब सन् 399 से 414 ईस्वी के बीच यात्रा की। तब भारत में गुप्त वंश के चंद्रगुप्त द्वितीय का शासन था।
फाह्यान की यात्रा का मकसद, बौद्ध धर्म और त्रिपिटक ग्रंथों का अध्ययन करना था। भारत यात्रा के बाद फाह्यान ने चीन लौटकर ‘बौद्ध देशों के अभिलेख‘ (Record of Buddhist Kingdoms) नामक किताब लिखी। यह पुस्तक एक तरह से तत्कालीन भारतीय समाज और धार्मिक प्रथाओं पर प्रकाश डालती है। भारत आने वाले दूसरे प्रमुख चीनी यात्री रहे ह्वेन त्सांग , जिन्होंने सन् 629 से 645 ईस्वी केक दौरान भारत की यात्रा की। तब भारत में आखिरी हिंदू राजा हर्षवर्धन का शासन था। ह्वेनत्सांग की यात्रा का उद्देश्य नालंदा विश्वविद्यालय में पढ़ाई करना और बौद्ध धर्म के हीनयान और महायान शाखाओं का अध्ययन करना था।
17 साल तक भारत में रहने के बाद ह्वेनत्सांग जब चीन लौटे, तब अपने साथ बौद्ध साहित्य के 657 भाग चीन लेते गए। उन्होंने भारत की यात्रा पर वृत्तांत लिखे। जिनमें भारतीय रीति-रिवाजों, तत्कालीन भारतीय शासकों और भारत की आर्थिक स्थिति का विस्तार से वर्णन किया है। चीन से भारत आने वाले तीसरे प्रमुख यात्री रहे इत्सिंग, जिन्होंने 7वीं शताब्दी के अंत में करीब 675 ईस्वी के दौरान सुमात्रा होते हुए समुद्री मार्ग से भारत की यात्रा की। उनकी भारत यात्रा का लक्ष्य ह्वेनत्सांग की ही तरह नालंदा और विक्रमशिला विश्वविद्यालयों में अध्ययन करना के साथ ही विशेष रूप से संस्कृत और बौद्ध ग्रंथों के अध्ययन में पारंगत होना था।
ये भी पढ़ें: पंजाबी सिंगर Rami Randhawa के खिलाफ FIR दर्ज, सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने का मामला
चीन लौटकर इत्सिंग ने भारत और मलय द्वीप में प्रचलित बौद्ध धर्म का विवरण लिखा और नालंदा विश्वविद्यालय को लेकर महत्वपूर्ण लेख लिखे। इन यात्रियों के भारत आने से चीन और भारत के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ा। कह सकते हैं कि भारत और चीन के बीच सही मायने में संबंधों की शुरूआत भी से होती है। जिसकी परिणति आधुनिक दौर में दोनों देशों के बीच स्थापित राजनयिक संबंधों को माना जा सकता है।
भारत और चीन के रिश्तों को देखें तो दोनों के बीच ना सिर्फ सांस्कृतिक और शैक्षिक रिश्ते रहे हैं, बल्कि दोनों देशों को लोक से लोक का भी संबंध रहा है। इन संबंधों को नई ऊंचाई दोनों देशों के बीच जारी शैक्षणिक सहयोग और भाषा संबंधी कार्यक्रमों से बढ़ावा मिल रहा है। भारतीय आयुर्वेद, योग और भारतीय शास्त्रीय कलाओं में चीन की हाल के दिनों में रूचि बढ़ती दिखी है। दोनों देशों के सैलानी एक-दूसरे के यहां आ-जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच पांच साल से ठप पड़ी सीधी वायु सेवा के बहाल होने से ना सिर्फ पर्यटन और तीर्थयात्रा को बढ़ावा मिलने जा रहा है, बल्कि द्विपक्षीय कारोबार को भी नई ऊंचाई मिल सकती है। इसके संकेत भी मिलने लगे हैं।
भारत और चीन के बीच संबंधों की बेहतरी के चलते दोनों देशों के बीच पूंजी प्रवाह ही नहीं बढ़ा है, बल्कि प्रौद्योगिकी भी साझा हो रही है। भारतीय स्टार्टअप्स, खासकर यूनिकॉर्न की ओर प्रमुख चीनी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है। इसकी वजह से स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिल रहा है। साल वर्ष 2020 तक के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, तब तक 18 भारतीय यूनिकॉर्न को चीन से 3.5 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक का निवेश मिल चुका था। चीन का बुनियादी ढाँचा और हाई-स्पीड रेल व्यवस्था एशिया ही नहीं, विश्वभर में पहचान रखती है। भारत भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इसमें चीन की उन्नत जानकारी भारत के जहां औद्योगिक विकास में फायदा पहुंचा सकती है, बल्कि तीव्र रेल सेवा को भारतीय धरती पर साकार कर सकती है। भारत और चीन के बीच बढ़े पूंजी प्रवाह के और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के चलते दोनों देश एक-दूसरे की प्रगति में सहयोगी बन रहे हैं। हालिया अमेरिकी टैरिफ युद्ध में भारत और चीन ने आर्थिक तौर पर साथ आने को लेकर सहमति जताई है। पहले से ही दोनों देशों के बीच जारी बहुपक्षीय सहयोग ने दोनों देशों की प्रगति में गंभीर भूमिका निभाई है।
भारत और चीन ब्रिक्स, शांगहाई सहयोग संगठन, जी-20, एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक यानी एआईआईबी और न्यू डेवलपमेंट बैंक यानी NDB में सहयोगी भागीदार हैं। इन मंचों पर साझा प्रयासों के साथ दोनों देश ग्लोबल साउथ के साथ एकजुटता, बहुध्रुवीयता और जलवायु कूटनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। दुनिया इन दिनों सौर ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए भारत ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन बनाने की पहल की, जिसका चीन समर्थक है। इसकी वजह से दोनों देशों के बीच ऊर्जा के क्षेत्र में बदलाव लाने को लेकर साझी वैचारिक और कार्यकारी हिस्सेदारी विकसित हुई है।
ये भी पढ़ें: संजय कपूर ने साझा किया 25 साल पुराना अनुभव
भारत और चीन जलवायु परिवर्तन के मसले पर एक साथ हैं, वहीं वैश्विक स्तर पर हरित पोषण को भी बढ़ावा देने को लेकर समान वैचारिकी के वाहक हैं। इसके साथ ही दोनों देशों के विचार पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए कार्बन टैरिफ और वैश्विक जलवायु शासन में निहित असमानताओं के मोर्चे पर समान विचार रखते हैं और पश्चिमी देशों की इस सोच का समान वैचारिक आधार पर विरोधी भी हैं। सीओपी 29 के प्रावधानों के खिलाफ दोनों देशों ने एक साथ यूरोपीय संघ के कार्बन बॉर्डर टैक्स का विरोध किया, तथा इसके अनुचित प्रतिस्पर्द्धा और नकारात्मक आर्थिक प्रभावों के जोखिमों की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। जाहिर है कि भारत और चीन के संबंध रणनीतिक मामलों को छोड़ दें तो कई मोर्चों पर साथ बढ़ रहे हैं।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग) (लेखक— उमेश चतुर्वेदी)

