Site icon Dainik Savera Times

भारतीय राजदूत और श्रीलंकाई मंत्री के बीच हुई मुलाकात, कृषि आधुनिकीकरण पर की चर्चा 

कोलंबो: भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने श्रीलंका के कृषि मंत्री के डी लालकंथा से मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग के तहत कृषि आधुनिकीकरण के अवसरों पर चर्चा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी दी कि इस बैठक में श्रीलंका में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और किसानों की आय में वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया।

यह बैठक सोमवार को आयोजित की गयी। विदेश मंत्रलय के अनुसार, श्रीलंका भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) दृष्टिकोण के तहत एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। भारत ने श्रीलंका को अब तक पांच अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता रियायती ऋण/स्वैप समझौतों के रूप में और 60 करोड़ डॉलर अनुदान के रूप में प्रदान की है।

भारत द्वारा श्रीलंका के सभी 25 जिलों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें बुनियादी ढांचा, आवास, स्वास्थ्य, आजीविका और पुनर्वास, शिक्षा और औद्योगिक विकास सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, 53 खातों में विदेशी फंडिंग का खुलासा; NIA करेगी जांच

Exit mobile version