इंटरनेशनल डेस्क: मेक्सिको के जलिस्को राज्य में सोशल मीडिया की दुनिया उस वक्त स्तब्ध रह गई, जब एक चर्चित टिकटॉक इन्फ्लुएंसर और मॉडल वेलेरिया मार्केज की एक लाइवस्ट्रीम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। 23 वर्षीय वेलेरिया मंगलवार को जैपोपन क्षेत्र के एक ब्यूटी सैलून में अपने प्रशंसकों से लाइव बातचीत कर रही थीं, जब यह सनसनीखेज घटना घटी।
प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो फुटेज के अनुसार, अचानक एक हमलावर ने सैलून में घुसकर वेलेरिया पर दो गोलियां चला दीं – एक गोली उनके सीने में और दूसरी सिर पर लगी। हमले के कुछ ही क्षणों में वेलेरिया ज़मीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
यह भयावह घटना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चर्चा का केंद्र बन गई है, जहां लाखों लोगों ने अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं और न्याय की मांग की है। वेलेरिया, जो फैशन, ब्यूटी और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर नियमित रूप से वीडियो साझा करती थीं, युवा वर्ग में खासा प्रभाव रखती थीं।
घटना के कुछ ही घंटों बाद जलिस्को के उसी क्षेत्र में एक और हत्या की खबर सामने आई। मेक्सिको की ‘पीआरआई’ पार्टी के पूर्व सांसद लुइस आर्मंडो कोडरेवा डिआज़ की भी एक कैफे में गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो हाई-प्रोफाइल हत्याओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।
जलिस्को के अभियोजक मामले की जांच कर रहे हैं और उन्होंने संकेत दिया है कि वेलेरिया की हत्या को लैंगिक हिंसा के एंगल से भी देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सक्रिय महिलाओं को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो एक खतरनाक प्रवृत्ति का संकेत देती हैं।
यह घटना न केवल मेक्सिको में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है, बल्कि डिजिटल स्पेस में सक्रिय इन्फ्लुएंसर्स की सुरक्षा को लेकर भी नए सिरे से सोचने की ज़रूरत को रेखांकित करती है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाएगी, लेकिन सोशल मीडिया यूज़र्स और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब वक्त है कि सरकार शब्दों से आगे बढ़कर ठोस कदम उठाए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...