इंटरनेशनल डेस्क: इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर बड़ा सैन्य हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के दौरान ईरान के सुप्रीम लीडर Ayatollah Ali Khamenei के घर के पास भी मिसाइलें गिरने की खबर सामने आई है। इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
हमले के जवाब में ईरान ने भी कड़ा कदम उठाया। ईरान ने दावा किया है कि उसने इजरायल पर करीब 400 मिसाइलें दागीं। इसके साथ ही ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया। हालांकि इन हमलों में कितने नुकसान की पुष्टि हुई है, इसको लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
इजरायल और अमेरिका की कार्रवाई के बाद ईरान में दहशत का माहौल बन गया है। राजधानी और कई बड़े शहरों में सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। लोग बड़ी संख्या में अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में गाड़ियों की लंबी कतारें साफ दिखाई दे रही हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग अपनी गाड़ियों में ईंधन भरवाने के लिए घंटों लाइन में खड़े दिखाई दिए। कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव का असर आम लोगों पर साफ दिखाई दे रहा है। ईरान में लोगों के बीच डर और अनिश्चितता का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आगे हालात किस दिशा में जाते हैं और क्या दोनों पक्ष बातचीत के जरिए तनाव कम करने की कोशिश करेंगे।

