Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका की धमकी के बाद ईरान ने रखी शर्त, कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य तभी खोला जाएगा, जब…

April 6, 2026

अमेरिका की धमकी के बाद ईरान ने रखी शर्त, कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य तभी खोला जाएगा, जब…

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) खोलने के लिए सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान के पास मंगलवार शाम तक का समय है। अगर वह इस रास्ते को नहीं खोलता, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुलों पर हमला कर सकता है।

क्या है पूरा मामला?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का एक बेहद अहम समुद्री रास्ता है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है। अगर यह रास्ता बंद होता है, तो कई देशों खासकर भारत जैसे देशों पर इसका असर पड़ सकता है।

ईरान ने क्या रखी शर्त?

ईरान ने अमेरिका की धमकी के जवाब में एक शर्त रखी है। ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय से जुड़े अधिकारी मेहदी तबातबाई ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य तभी खोला जाएगा, जब वहां से मिलने वाले टोल का कुछ हिस्सा हाल के युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई के लिए इस्तेमाल किया जाएगा यानि ईरान पहले अपने नुकसान की भरपाई चाहता है।

ईरान की अमेरिका को चेतावनी

ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने भी अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने कोई गलत कदम उठाया तो पूरा मध्य-पूर्व क्षेत्र युद्ध की आग में झुलस सकता है।इससे अमेरिका के लिए भी हालात बहुत खराब हो जाएंगे उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका, इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दबाव में काम कर रहा है।

ट्रंप का अल्टीमेटम

डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा कि अगर तय समय तक ईरान ने कदम नहीं उठाया तो अमेरिका बड़े हमले करेगा। उन्होंने हमले का समय मंगलवार रात 8 बजे भी बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर बातचीत से समाधान निकलता है, तो वह बेहतर होगा।

क्या बातचीत की संभावना है?

ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि सोमवार तक कोई समझौता हो सकता है। दोनों देश बातचीत कर रहे हैं लेकिन अगर समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका सख्त कदम उठा सकता है।

भारत पर क्या असर पड़ेगा?

इस पूरे तनाव का असर भारत पर भी पड़ सकता है…

1. तेल सप्लाई- अभी तक तेल की सप्लाई सामान्य है, लेकिन अगर स्थिति बिगड़ी तो दिक्कत हो सकती है।

2. एलपीजी की समस्या- एलपीजी सप्लाई पर असर पड़ सकता है। सरकार लोगों को पाइप गैस (PNG) पर शिफ्ट कर रही है। पिछले एक महीने में करीब 8 लाख लोग PNG पर आ चुके हैं।

3. फर्टिलाइज़र की कमी- मिडिल ईस्ट से आने वाली यूरिया और DAP की सप्लाई प्रभावित हो रही है। अगर होर्मुज बंद रहा, तो खेती पर असर पड़ सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें