Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

जल्द समाप्त होगा इज़राइल-हमास युद्ध! हमास ने स्वीकारी ट्रंप की शर्तें

October 4, 2025

जल्द समाप्त होगा इज़राइल-हमास युद्ध! हमास ने स्वीकारी ट्रंप की शर्तें

Israel-Hamas war : पिछले दो वर्षों से जारी इज़राइल-हमास संघर्ष में एक नई उम्मीद की किरण नज़र आ रही है, क्योंकि हमास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा गाजा पट्टी में युद्ध समाप्त करने की योजना को शर्तों के साथ स्वीकार कर लिया है। हालांकि, शांति प्रक्रिया की दिशा में अभी कुछ बारीकियों पर विचार-विमर्श बाकी है, लेकिन इस कदम को युद्ध में संभावित विराम की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

हमास की शर्तों पर सहमति, लेकिन कुछ मुद्दों पर और विचार विमर्श की जरूरत
हमास ने ट्रंप की योजना में सत्ता छोड़ने और सभी शेष बंधकों को रिहा करने की शर्तों पर सहमति दी है। हालांकि, कुछ अन्य मुद्दों पर फिलिस्तीनियों के साथ और बातचीत की आवश्यकता बताई गई है। इससे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि यदि रविवार शाम तक इस समझौते पर सहमति नहीं बनी, तो कड़ा एक्शन लिया जाएगा। ट्रंप ने हमास से समझौते के अंतिम चरण को स्वीकार करने की उम्मीद जताई थी, और साथ ही युद्ध को समाप्त करने के लिए हमास को अपनी शर्तों में लचीलापन दिखाने का दबाव भी डाला था।

ट्रंप का बयान: इज़राइल को गाजा पर बमबारी रोकने का निर्देश
हमास के फैसले के बाद, डोनाल्ड ट्रंप ने इज़राइल से गाजा में बमबारी तत्काल रोकने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “हमास द्वारा जारी बयान के बाद, मुझे विश्वास है कि वे स्थायी शांति के लिए तैयार हैं। अब हमें बंधकों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के लिए युद्धविराम की आवश्यकता है। इज़राइल को गाज़ा पर बमबारी तुरंत रोकनी चाहिए, क्योंकि यह स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।” ट्रंप ने इस बात को भी रेखांकित किया कि यह सिर्फ गाजा की स्थिति नहीं है, बल्कि यह पश्चिम एशिया में लंबे समय से शांति स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इज़राइल की प्रतिक्रिया: ट्रंप की योजना के पहले चरण को लागू करने का संकेत
वहीं, इज़राइल ने हमास के इस फैसले को सकारात्मक रूप में लिया है और ट्रंप की योजना के पहले चरण को लागू करने के लिए सहयोग करने का संकेत दिया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि इज़राइल ट्रंप की योजना के तहत युद्ध समाप्त करने में पूरा सहयोग करेगा। बयान में यह भी कहा गया कि इज़राइल अपनी सेना को गाजा में हमले बंद करने का आदेश देगा, ताकि शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

क्या है ट्रंप का शांति योजना का खाका?
ट्रंप के शांति प्रस्ताव के मुताबिक, हमास को गाजा की सत्ता छोड़ने और निरस्त्रीकरण की प्रक्रिया को स्वीकार करना होगा। इसके बदले में इज़राइल गाजा में अपनी सैन्य कार्रवाई रोक देगा और गाजा के अधिकांश हिस्से से अपने सैनिकों को हटा लेगा। इसके अलावा, इज़राइल सैकड़ों फ़िलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा, और गाजा में मानवीय सहायता और पुनर्निर्माण कार्यों की अनुमति देगा। इस योजना में गाजा की लगभग दो मिलियन आबादी को दूसरे देशों में स्थानांतरित करने की योजनाएं रद्द कर दी जाएंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें