Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायली हमलों ने मचाई तबाही, गाजा में 400 से अधिक लोगों की मौत

March 18, 2025

इजरायली हमलों ने मचाई तबाही, गाजा में 400 से अधिक लोगों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: गाजा में इजरायली हवाई हमलों ने भारी तबाही मचाई है। घातक बमबारी में 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस बीच इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) और इजरायल सुरक्षा एजेंसी (शिन बेट) ने एक संयुक्त बयान में कहा कि गाजा पट्टी में आतंकवादी ठिकानों पर उनके हमले जारी है।

404 लोगों की मौत हुई
यहूदी राष्ट्र की इस मिलिट्री कार्रवाई से युद्धविराम समझौते के पूरी तरह टूटने का खतरा पैदा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गाजा के हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक एक दिन में सबसे बड़ी संख्या में 404 लोगों की मौत हुई है। मंत्रलय ने कहा कि मरने वालों में कई बच्चे शामिल हैं। हमलों में 562 लोग घायल हुए हैं।

IDF ने नए निकासी आदेश जारी किए
हमलें शुरू होने के बाद आईडीएफ ने नए निकासी आदेश जारी किए। लोगों को बेत हनून, खुज़ा, और अबासन अल-कबीरा और अल-जदीदा के क्षेत्रों को छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। एक आईडीएफ प्रवक्ता ने एक्स पर कहा, ‘उन्हें पश्चिमी गाजा शहर और खान यूनिस में शेल्टर में तुरंत चले जाना चाहिए।‘

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि इजरायल हमास के खिलाफ सैन्य ताकत बढ़ाकर कार्रवाई करेगा। बयान में उस पर बंधकों को रिहा करने से इनकार करने और युद्धविराम को आगे बढ़ाने के प्रस्तावों को अस्वीकार करने का आरोप लगाया।

हमास ने इजरायल पर लगाए ये आरोप
वहीं हमास ने इजरायल पर रक्षाहीन नागरिकों पर हमला करने का आरोप लगाया। फिलिस्तीनी ग्रुप ने कहा कि मध्यस्थों को युद्धविराम का उल्लंघन करने और उसे पलटने के लिए इजरायल को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराना चाहिए।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चश्मदीदों ने बताया कि हवाई हमलों में गाजा पट्टी के उत्तर से दक्षिण तक के नागरिकों के घर और शिविरों को नुकसान पहुंचा और इजरायली टैंकों ने सीमा रेखा पार कर क्षेत्र में गोलाबारी की। गाजा में इजरायल के हवाई हमलों ने जीवित बंधकों के परिवारों की उम्मीदों को तोड़ दिया है। परिजनों का कहना है कि इजरायली मिलिट्री एक्शन से उनका सबसे बड़ा डर सच साबित हुआ है।

लापता परिवारों के फोरम का बयान 
बंधकों और लापता परिवारों के फोरम की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘परिवारों, अपहृत लोगों और इजरायल के नागरिकों का सबसे बड़ा डर सच हो गया है। इजरायली सरकार ने बंधकों को उनके हाल पर छोड़ने का फैसला किया। बयान में इस बात पर हैरानी और गुस्सा जताया गया कि ‘हमारे प्रियजनों को वापस लाने की प्रक्रिया को जानबूझकर खत्म किया जा रहा है।‘

इजरायल ने अमेरिका से की थी चर्चा
इजरायल ने सैनिक कार्रवाई से पहले अमेरिका से भी चर्चा की थी, यह खुलासा खुद व्हाइट हाउस ने किया। एक अमेरिकी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, ‘आज रात गाजा में अपने हमलों के बारे में इजरायल ने ट्रंप प्रशासन और व्हाइट हाउस से परामर्श किया।‘

कब से शुरू हुआ हमला?
7 अक्टूबर, 2023 को शुरू हुआ, जब फिलिस्तीनी ग्रुप हमास ने इजरायल पर बड़ा हमला किया। हमले में 1,200 लोग मारे गए और लगभग 250 से अधिक को बंधक बना लिया गया। इसके बाद इजरायल ने हमास के नियंत्रण वाले गाजा पट्टी पर हमले शुरू कर दिए। इजरायली हमलों ने गाजा शहर को खंडहर में बदल दिया है और हजारों फिलिस्तीनियों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें