
इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के एरिजोना राज्य के टक्सन शहर में रविवार तड़के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई। इस घटना में कम से कम 9 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात करीब 2 बजे हुई घटना
टक्सन पुलिस विभाग के मुताबिक, नियमित गश्त पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय समयानुसार रात करीब 2 बजे गोलियों की आवाज सुनी। इसके बाद वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर पुलिस का सामना एक संदिग्ध व्यक्ति से हुआ। पुलिस का कहना है कि अधिकारियों ने संदिग्ध को कई बार रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने आदेश नहीं माना और मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने उस पर गोली चला दी। घायल संदिग्ध को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
दो गुटों के विवाद के बाद चली गोलियां
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दो समूहों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। गोलीबारी के दौरान वहां मौजूद कई राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए और घायल हो गए।
पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ था, जांच टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
मेयर ने जताई चिंता
टक्सन की मेयर रेजिना रोमेरो ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में की गई इस तरह की गोलीबारी बेहद गंभीर है। सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया है और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी घायल जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे।
कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं
पुलिस के अनुसार, इस पूरी घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है। फिलहाल इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...