इंटरनेशनल डेस्क: ग्रीस के पूर्वी एजियन सागर में स्थित चियोस द्वीप के पास एक दर्दनाक समुद्री हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार स्पीडबोट और ग्रीक कोस्ट गार्ड की नाव के बीच टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। ग्रीक कोस्ट गार्ड ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की है।
कोस्ट गार्ड के अनुसार, हादसे के बाद अब तक 24 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना में दो ग्रीक कोस्ट गार्ड अधिकारी भी घायल हुए हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि स्पीडबोट में कुल कितने लोग सवार थे।
हादसे के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में चार गश्ती जहाज, एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों से लैस एक निजी नाव को लगाया गया है। समुद्र में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। स्थानीय मीडिया द्वारा जारी किए गए वीडियो में देखा गया कि एक व्यक्ति को कंबल में लपेटकर कोस्ट गार्ड की नाव से निकालकर एंबुलेंस में पहुंचाया गया। इसके अलावा दो बच्चों को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। ग्रीक कोस्ट गार्ड ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और मृतकों की पहचान क्या है। मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि ग्रीस यूरोपीय संघ में प्रवेश करने वाले शरणार्थियों और प्रवासियों के लिए एक प्रमुख रास्ता माना जाता है। युद्ध, हिंसा और गरीबी से परेशान लोग अक्सर इसी समुद्री मार्ग के जरिए यूरोप पहुंचने की कोशिश करते हैं। खराब मौसम, तेज लहरों और सुरक्षा की कमी के कारण इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं।
पिछले कुछ वर्षों में ग्रीस और यूरोपीय संघ के कई देशों ने माइग्रेशन नियमों को और सख्त कर दिया है। इनमें अवैध प्रवासियों को वापस भेजने की प्रक्रिया तेज करना और हिरासत में रखने की अवधि बढ़ाना शामिल है। यूरोप में माइग्रेशन को लेकर राजनीतिक बहस भी लगातार जारी है। कई देशों में दक्षिणपंथी दलों के प्रभाव बढ़ने के कारण शरण नीति और ज्यादा कड़ी हो गई है, जिससे अब शरण मांगने वालों की संख्या पहले के मुकाबले कम होती जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...