Site icon Dainik Savera Times

नाइजीरिया में भीषण सड़क हादसा, 30 लोगों की मौत

Odisha road accident

Odisha road accident

इंटरनेशनल डेस्क: नाइजीरिया के उत्तरी हिस्से में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, यात्रियों और सामान से भरा एक ट्रक कानो राज्य के गेजावा स्थानीय सरकारी क्षेत्र के क्वानार बार्डे कस्बे के पास राजमार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि यह ट्रक कानो के गुजुंगु कस्बे की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।

कानो राज्य के गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उनके प्रवक्ता द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि यह हादसा बेहद दुखद है और इससे प्रभावित परिवारों के साथ-साथ पूरे राज्य को गहरा आघात पहुंचा है। सरकार ने घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

नाइजीरिया में सड़क हादसे आम बात माने जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, खराब सड़कों, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का सही पालन न होना ऐसी घटनाओं की बड़ी वजह है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की है।

Exit mobile version