नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र में आज एक बार फिर जोरदार हंगामे के आसार बनते दिख रहे हैं। एक तरफ आम बजट पर औपचारिक चर्चा की शुरुआत होनी है, तो दूसरी ओर विपक्ष भारत-अमेरिका ट्रेड डील और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा से जुड़े विवादित वीडियो को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा करने की तैयारी में है। इसी रणनीति के तहत आज सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी सांसदों की बैठक बुलाई गई है।
ट्रेड डील को लेकर सरकार पर विपक्ष का हमला
भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में हुई ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि इस समझौते में भारत के हितों से ज्यादा अमेरिकी दबाव को तरजीह दी गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार इस डील की शर्तों पर पारदर्शिता नहीं बरत रही।
इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और माणिकम टैगोर ने संसद में स्थगन प्रस्ताव भी पेश किया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद विपक्ष ने सदन में विरोध तेज करने के संकेत दिए हैं।
असम के मुख्यमंत्री के कथित वीडियो से बढ़ा विवाद
ट्रेड डील के साथ-साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा से जुड़े एक कथित वीडियो ने भी राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। यह वीडियो असम बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया था, जिसमें प्रतीकात्मक रूप से एक समुदाय को निशाना बनाते हुए दिखाया गया।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद वीडियो को हटा लिया गया, लेकिन कांग्रेस ने इसे दोबारा साझा कर सरकार और सत्ताधारी दल की विचारधारा पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष इसे सामाजिक सौहार्द के खिलाफ बता रहा है और इस पर जवाब की मांग कर रहा है।
विपक्षी एकजुटता पर फोकस, साझा रणनीति तय होगी
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले मल्लिकार्जुन खरगे के घर होने वाली बैठक में इंडिया गठबंधन के प्रमुख दल शामिल होंगे। बैठक का मकसद बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने के लिए साझा रणनीति बनाना बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान भी सदन में भारी हंगामा देखने को मिला था। लोकसभा में शोर-शराबे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस चर्चा का जवाब नहीं दे पाए थे। आज जब बजट पर बहस शुरू होने जा रही है, ऐसे में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।