Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मलावी के उपराष्ट्रपति सहित नौ यात्रियों की विमान हादसे में मौत, राष्ट्रपति ने की पुष्टि

June 11, 2024

मलावी के उपराष्ट्रपति सहित नौ यात्रियों की विमान हादसे में मौत, राष्ट्रपति ने की पुष्टि

लिलोंग्वे: मलावी के उपराष्ट्रपति सौलोस चिलिमा और नौ अन्य लोगों को लेकर जा रहे सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण सभी लोगों की मौत हो गयी है।

मलावी के राष्ट्रपति लाजरस चकवेरा ने मंगलवार को इसकी पुष्टी की। उन्होंने टेलीविजन पर कहा, “मुझे आप सभी को यह बताते हुए बहुत दुख और खेद हो रहा है कि यह एक भयानक त्रासदी बन गई है। राहत एवं बचाव दल को विमान चिकनगावा वन में एक पहाड़ी के पास मिला। विमान पूरी तरह से नष्ट हो चुका है, इसमें कोई भी जीवित नहीं बचा है।”

उन्होंने कहा कि चिलिमा एक अच्छे इंसान, एक समर्पित पिता और पति, एक देशभक्त थे। चिलिमा ने देश की सेवा उत्कृष्ट ढंग से की।

उपराष्ट्रपति चिलिमा मलावी के पूर्व अटॉर्नी जनरल एवं न्याय मंत्री राल्फ कासाम्बारा के अंतिम संस्कार में भाग लेने जा रहे थे। पूर्व अटॉर्नी जनरल कासामबारा शुक्रवार को मलावी की राजधानी लिलोंग्वे में एक लॉज में मृत पाए गए थे। उनके शव को सोमवार को मज़ूज़ू हवाई अड्डे से कुछ किलोमीटर दूर नखाता खाड़ी में उनके गृह नगर में दफनाया गया। देश के राष्ट्रपति एवं कैबिनेट सचिव कोलीन ज़ाम्बा के अनुसार विमान मलावी रक्षा बल से संबंधित डोनियर 228 सोमवार को सुबह 10:02 बजे उत्तरी मलावी में मज़ूज़ू हवाई अड्डे पर अपनी निर्धारित लैंडिंग करने में विफल रहा।

उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण विमान वापस लौट आया और रडार से गायब होने से पहले लिलोंग्वे के कामुज़ू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर बढ़ा। सुरक्षा एजेंसियों ने अपराह्न में चिकनगावा जंगल के आसपास तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें