इंटरनेशनल डेस्क: दक्षिणी फिलीपींस के एक छोटे द्वीप में भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। इस हादसे में करीब एक हजार घर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे हजारों लोग बेघर हो गए हैं। सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, आग मंगलवार रात करीब 10 बजे बारंगाय लामियन इलाके में लगी और लगभग चार घंटे तक लगातार फैलती रही।
बताया जा रहा है कि आग जिन घरों में लगी, वे ज्यादातर खंभों पर बने हुए थे और हल्की व ज्वलनशील सामग्री से तैयार किए गए थे। तेज हवाओं के कारण आग ने बहुत तेजी से फैलकर पूरे घनी आबादी वाले इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा इलाका आग की लपटों में घिर गया।
इस घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एजेंसी के मुताबिक, 5,000 से ज्यादा लोगों को जमीन और समुद्र दोनों रास्तों से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी प्रभावित लोगों को फिलहाल दो अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया गया है, जहां उनके लिए खाने, पानी और रहने की व्यवस्था की जा रही है।
बुधवार को बोंगाओ के स्थानीय प्रशासन ने बंगसमोरो सामाजिक सेवा और विकास मंत्रालय तथा प्रांतीय सरकार के साथ मिलकर राहत कार्यों को तेज किया। साथ ही, बोंगाओ ग्रामीण स्वास्थ्य इकाई के स्वास्थ्यकर्मियों को भी तैनात किया गया है, ताकि विस्थापित लोगों को इलाज और जरूरी मेडिकल सहायता मिल सके।
बोंगाओ नगर आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन कार्यालय (MDRRMO) ने जानकारी दी कि इस आगजनी की घटना में किसी की जान नहीं गई है। हालांकि, कई फुटब्रिज को नुकसान पहुंचा है, जिससे आग बुझाने और बचाव कार्यों में मुश्किलें आईं। दमकल कर्मियों ने रात करीब 2 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाने की पुष्टि की।
फिलहाल प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस हादसे में हुई संपत्ति के कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सहायता को लेकर आगे की योजना बनाई जा रही है।

