Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mexico में फुटबॉल मैदान बना गोलियों का निशाना, अंधाधुंध फायरिंग में 11 की मौत, 12 घायल

January 26, 2026

Mexico में फुटबॉल मैदान बना गोलियों का निशाना, अंधाधुंध फायरिंग में 11 की मौत, 12 घायल

इंटरनेशनल डेस्क: मेक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य के सलामांका शहर में एक फुटबॉल मैदान उस वक्त खौफ का मंजर बन गया, जब अज्ञात बंदूकधारियों ने भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस भीषण हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह हमला फुटबॉल मैच समाप्त होने के तुरंत बाद किया गया। अचानक हुई गोलीबारी से मैदान में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ही 10 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान जान गंवा दी।

घायलों में महिला और नाबालिग भी शामिल

सलामांका के मेयर सीजर प्रीटो ने सोशल मीडिया के जरिए घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों में एक महिला और एक नाबालिग बच्चा भी शामिल है। उन्होंने इस हमले को शहर के लिए बेहद दुखद और झकझोर देने वाला बताया।

मेयर प्रीटो ने हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अपराधी तत्व समाज में डर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हालात पर काबू पाने के लिए राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम से तत्काल सहयोग और अतिरिक्त सुरक्षा सहायता की मांग की है। उन्होंने कहा, “कुछ आपराधिक गिरोह अधिकारियों को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे।”

जांच शुरू, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद राज्य पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया है। गोलीबारी के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है, साथ ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

VD: Moga ਵਿੱਚ 77ਵਾਂ ਗਣਤੰਤਰ ਦਿਵਸ: ਮੰਤਰੀ Gurmeet Khuddian ਨੇ ਝੰਡਾ ਲਹਿਰਾਇਆ

हिंसा के लिए कुख्यात रहा है गुआनाजुआतो

गौरतलब है कि गुआनाजुआतो बीते वर्षों में मेक्सिको के सबसे हिंसक राज्यों में शामिल रहा है। यहां स्थानीय गिरोह ‘सांता रोजा डी लीमा’ और शक्तिशाली जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है, जिसका असर आम नागरिकों पर पड़ता रहा है।

ये भी पढ़ें: पंजाब में हुआ छुट्टी का ऐलान: 27 जनवरी को बंद रहेंगे सभी स्कूल

हालांकि, मेक्सिको सरकार के अनुसार वर्ष 2025 में देशभर में हत्या दर 2016 के बाद सबसे कम दर्ज की गई है प्रति एक लाख आबादी पर लगभग 17.5 हत्याएं। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ये आंकड़े जमीनी हकीकत को पूरी तरह प्रतिबिंबित नहीं करते।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें