Site icon Dainik Savera Times

Middle East conflict: ईरान ने किया 560 अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने का दावा, अमेरिकी दूतावास परिसर में गोलीबारी की घटना भी आई सामने

Middle East conflict

Middle East conflict

Middle East conflict: अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ शुरू किए गए संयुक्त सैन्य अभियान के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस अभियान के दौरान ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत की खबर सामने आई है, हालांकि स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। ईरानी सैन्य कमांडरों ने इसे “शहादत” बताते हुए बदला लेने की कसम खाई है और खाड़ी क्षेत्र में जवाबी हमले तेज कर दिए हैं।

खाड़ी देशों में हमले, बड़े ठिकाने निशाने पर
ईरान ने UAE सहित कई खाड़ी देशों में हमले किए हैं। दुबई एयरपोर्ट और प्रतिष्ठित बुर्ज खलीफा को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर भी हमले की खबरें हैं। ईरानी पक्ष का कहना है कि कुवैत स्थित अमेरिकी बेस को “पूरी तरह निष्क्रिय” कर दिया गया है और बहरीन में ड्रोन हमलों से भारी क्षति हुई है। ईरान ने यह भी दावा किया है कि अमेरिकी विमानवाहक पोत USS Abraham Lincoln पर चार मिसाइलों से हमला किया गया। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़ें- सांप का सिर काट डाला… अमेरिका ने तबाह किया ईरान का IRGC मुख्यालय

 

560 अमेरिकी सैनिकों के हताहत होने का दावा
ईरान ने अपने जवाबी हमलों में 560 अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने या घायल होने का दावा किया है। एक वीडियो संदेश में ईरानी कमांडर ने कहा कि अमेरिकी ठिकानों को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है। हालांकि अमेरिकी रक्षा विभाग ने इन दावों पर अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। इस बीच, अमेरिकी गृह विभाग ने स्थानीय समयानुसार रात 8 बजे प्रेस वार्ता करने की घोषणा की है।

बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर हमला
इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर में गोलीबारी की घटना सामने आई है। कथित तौर पर ग्रीन जोन में सक्रिय उग्रवादियों ने यह हमला किया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अमेरिका का पलटवार, IRGC मुख्यालय तबाह करने का दावा
अमेरिकी सेना ने घोषणा की है कि उसने ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड फोर्स के मुख्यालय को नष्ट कर दिया है। IRGC को ईरान की सबसे शक्तिशाली सैन्य इकाई माना जाता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि संयुक्त अभियान में ईरान के 48 शीर्ष नेताओं को मार गिराया गया है और ईरानी नौसेना के नौ जहाज डुबो दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि “इस बार ईरान पर ऐसा हमला किया गया है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।”

ये भी पढ़ें- ‘एक झटके में 48 ईरानी लीडर किए खत्म, शेड्यूल से आगे चल रहा है ऑपरेशन’, ट्रंप का बड़ा दावा

 

नेतन्याहू का बयान
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री और सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि “तानाशाह खामेनेई और शासन के दर्जनों शीर्ष लोगों को खत्म कर दिया गया है” और आने वाले दिनों में तेहरान पर हमले और तेज होंगे।

क्षेत्रीय संकट गहराया
लगातार हो रहे हमलों और दावों-प्रत्यादावों के बीच पूरा मध्य पूर्व बड़े संघर्ष की ओर बढ़ता दिख रहा है। खाड़ी देशों में हाई अलर्ट जारी है, अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और वैश्विक बाजारों में भी अस्थिरता देखी जा रही है।

Exit mobile version