Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

US Iran war: ‘एक झटके में 48 ईरानी लीडर किए खत्म, शेड्यूल से आगे चल रहा है ऑपरेशन’, ट्रंप का बड़ा दावा

March 2, 2026

US Iran war: ‘एक झटके में 48 ईरानी लीडर किए खत्म, शेड्यूल से आगे चल रहा है ऑपरेशन’, ट्रंप का बड़ा दावा

US Iran war: डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त सैन्य अभियान को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है। ट्रंप के अनुसार, इस ऑपरेशन में ईरान के 48 शीर्ष नेताओं का “एक ही झटके में सफाया” कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान उम्मीद से कहीं अधिक तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई प्रमुख लक्ष्य पहले ही साधे जा चुके हैं।

‘एक ही झटके में 48 ईरानी लीडर खत्म’
एक टीवी इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ऑपरेशन के तहत ईरान की सैन्य और रणनीतिक नेतृत्व संरचना को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई समेत कई वरिष्ठ नेता मारे गए हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी एजेंसियों को पता है कि अभी कितने लक्ष्य बाकी हैं और अभियान योजनानुसार आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, “ऑपरेशन शेड्यूल से आगे चल रहा है और ईरान की सैन्य क्षमता को निर्णायक रूप से कमजोर किया जा रहा है।”

ये भी पढ़ें- राशिफल: आज सोमवार के दिन किस राशि पर बरसेगी भगवान शिव की कृपा, तो किसके हाथ लगेगी निराशा?

 

पेंटागन और इजरायली सेना कर रहे आकलन
इस बयान के बीच पेंटागन और IDF हमलों के परिणामों का आकलन कर रहे हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार, हमलों का फोकस ईरान के अंडरग्राउंड बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों और कमांड सेंटर पर था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी वायुसेना ने इस मिशन में चार बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया। इन विमानों ने अमेरिका से लंबी दूरी की उड़ान भरकर ईरान के भूमिगत ठिकानों को निशाना बनाया और लगभग 2,000 पाउंड वजनी दर्जनों बम गिराए।

‘नया नेतृत्व बातचीत को तैयार’
ट्रंप ने दावा किया कि खामेनेई की मौत के बाद ईरान में उभरता नया नेतृत्व अमेरिका से बातचीत करना चाहता है। उन्होंने कहा कि तेहरान से पैदा हुए खतरे के जवाब में यह कार्रवाई अमेरिकी रणनीतिक योजना का हिस्सा थी और इसका उद्देश्य क्षेत्रीय स्थिरता सुनिश्चित करना है।

ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 2 मार्च 2026

 

दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि देश को जल्द ही नया सुप्रीम लीडर मिल जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि अगले एक-दो दिनों में नए नेता के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। राजधानी तेहरान में उच्च स्तरीय बैठकों का दौर जारी है।

क्षेत्र में बढ़ा तनाव
इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि ईरान की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या हालात कूटनीतिक समाधान की दिशा में बढ़ते हैं या संघर्ष और व्यापक रूप लेता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें