Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव: ट्रंप की ईरान को सख्त चेतावनी, LNG हमलों पर कड़ा जवाब

March 19, 2026

मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव: ट्रंप की ईरान को सख्त चेतावनी, LNG हमलों पर कड़ा जवाब

Middle East tensions: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने कतर की लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) सुविधाओं पर दोबारा हमला किया, तो अमेरिका ईरान के अहम गैस ठिकाने ‘साउथ पार्स’ को निशाना बना सकता है।

ट्रंप का सख्त संदेश
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह इस तरह की कार्रवाई को अधिकृत नहीं करना चाहते, लेकिन अगर हालात बिगड़ते हैं तो अमेरिका पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कतर के ऊर्जा ढांचे पर हमले दोहराए गए तो जवाबी कार्रवाई “बड़े पैमाने” पर हो सकती है।

ये भी पढ़ें- कतर से 47% गैस आयात करता है भारत, LNG प्लांट पर हमले के बाद जानें इसका देश पर क्या पड़ेगा असर

 

कतर में LNG सुविधाओं को नुकसान
इस बीच, कतर ऊर्जा ने पुष्टि की है कि हालिया मिसाइल हमलों में देश की कुछ LNG सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। कंपनी के अनुसार, हमलों के बाद कई जगह आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल टीमें लगातार काम कर रही हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

साउथ पार्स गैस क्षेत्र बना केंद्र
तनाव की जड़ साउथ पार्स गैस फील्ड है, जो दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस भंडारों में से एक है और ईरान व कतर के बीच साझा किया जाता है। हाल ही में इस क्षेत्र में स्थित एक गैस संयंत्र पर इजराइल के हमले के बाद हालात और बिगड़ गए। ईरान ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। देश के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई के “अनियंत्रित और वैश्विक परिणाम” हो सकते हैं।

अमेरिका ने झाड़ा पल्ला
ट्रंप ने साफ किया कि साउथ पार्स पर हुए हमले में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं थी और न ही कतर इसमें शामिल था। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन को इस हमले की पहले से कोई जानकारी नहीं थी।

ये भी पढ़ें- कॉल के दौरान बैकग्राउंड शोर से मिलेगा छुटकारा, WhatsApp जल्द लाएगा ये नया फीचर

 

इजरायल पर भी संकेत
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि फिलहाल इजरायल आगे कोई हमला नहीं करेगा, बशर्ते ईरान कतर को निशाना बनाना बंद करे। यह बयान क्षेत्र में संभावित शांति की एक हल्की उम्मीद जरूर जगाता है, लेकिन हालात अब भी बेहद नाजुक बने हुए हैं।

वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर
मिडिल ईस्ट में यह बढ़ता संघर्ष वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। कतर दुनिया के प्रमुख LNG निर्यातकों में से एक है, ऐसे में वहां अस्थिरता का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल-गैस की कीमतों पर पड़ना तय माना जा रहा है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें