Site icon Dainik Savera Times

मिलान शीतकालीन ओलंपिक: गोल्ड जीतकर पत्नी श्यू मेंगथाओ के साथ ‘गोल्डन कपल’ बने वांग शिन्दी

Milan Winter Olympics

Milan Winter Olympics

इंटरनेशनल डेस्क : चीन के वांग शिन्दी ने शुक्रवार को मिलान-कॉर्टिना शीतकालीन ओलंपिक में फ्रीस्टाइल स्कीइंग के पुरुषों के एरियल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। यह उनके लंबे करियर का सबसे बड़ा क्षण है। वांग के लिए यह तीसरा ओलंपिक था। इससे पहले वे दो बार 14वें स्थान पर रहे थे। इस बार उन्होंने न सिर्फ अपना सपना पूरा किया, बल्कि एक अनोखा इतिहास भी रच दिया।

इस जीत के साथ ही वांग शिन्दी और उनकी पत्नी श्यू मेंगथाओ ने एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। दो दिन पहले ही श्यू मेंगथाओ ने महिलाओं की इसी एरियल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया था। ओलंपिक के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी एक ही स्पर्धा (पुरुष और महिला) में पति-पत्नी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीते हैं।

ये भी पढ़ें :

फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। वांग शिन्दी समेत चीन के चारों स्कीयर  फाइनल में पहुंचे। शुरुआती दौर में स्विट्जरलैंड के दो स्कीयर ने बढ़त बना ली थी। ‘सुपर फाइनल’ (एक ही जंप से फैसला) के छठे और आखिरी दौर में वांग शिन्दी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने 5.1 डिग्री कठिनाई वाली छलांग लगाई और 132.60 अंक हासिल किए। इसके बाद आए दो बार के विश्व चैंपियन नोए रोथ ने भी वैसी ही छलांग लगाई, लेकिन वे सिर्फ 131.58 अंक ही बना सके। वांग ने महज़ 1.02 अंक के अंतर से स्वर्ण पदक जीता, जबकि रोथ को रजत और चीन के ही ली थ्यान्मा को कांस्य पदक मिला।

मैच के बाद वांग शिन्दी ने कहा कि विश्व चैंपियन जोड़ी बनने के बाद, अब ओलंपिक चैंपियन जोड़ी बनना हमारा सपना था, जो आज पूरा हो गया। 

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version