Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

चेहरे पर गंभीर चोटें, कटा एक पैर… सामने आई मोजतबा खामेनेई की चौंकाने वाली हेल्थ रिपोर्ट!

April 11, 2026

चेहरे पर गंभीर चोटें, कटा एक पैर… सामने आई मोजतबा खामेनेई की चौंकाने वाली हेल्थ रिपोर्ट!

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के लिए दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं, जहां शांति वार्ता शुरू होने वाली है। इसी बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है।

रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध की शुरुआत में हुए एक हवाई हमले के दौरान अली खामेनेई पर हमला हुआ था, जिसमें मोजतबा खामेनेई भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि उनके चेहरे पर गहरी चोटें आईं और उनके एक या दोनों पैर प्रभावित हुए हो सकते हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, उनकी सेहत में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। शारीरिक चोटों के बावजूद वे मानसिक रूप से सक्रिय हैं और ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। वे अमेरिका के साथ चल रही बातचीत और युद्ध से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में भी भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, उनकी मौजूदा हालत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि वे देश के बड़े फैसलों पर कितनी प्रभावी नजर रख पा रहे हैं। ईरान इस समय एक गंभीर संकट से गुजर रहा है और ऐसे में नेतृत्व की स्थिति बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

गौर करने वाली बात यह है कि 8 मार्च को पद संभालने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। उनकी कोई नई तस्वीर या वीडियो सामने नहीं आई है, जिससे उनकी स्थिति को लेकर रहस्य और गहरा गया है। ईरान की ओर से भी उनकी सेहत पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इस बीच अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने 13 मार्च को बयान देते हुए कहा था कि मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हैं और संभव है कि उन्हें अंग हानि भी हुई हो। वहीं अमेरिकी खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों ने भी इसी तरह के संकेत दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें