Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

PML-N के सत्ता में लौटने पर नवाज शरीफ होंगे Pakistan के अगले प्रधानमंत्री : Shehbaz Sharif

July 31, 2023

PML-N के सत्ता में लौटने पर नवाज शरीफ होंगे Pakistan के अगले प्रधानमंत्री : Shehbaz Sharif

इस्लामाबादः पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि यदि पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (पीएमएल-एन)आगामी आम चुनाव में सत्ता में लौटती है तो पार्टी सुप्रीमो नवाज शरीफ देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। शहबाज ने एक कार्यक्रम में रविवार को कहा कि 2019 से लंदन में रह रहे उनके बड़े भाई अगले कुछ सप्ताह में देश लौटेंगे। उन्होंने कहा कि तीन बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके नवाज शरीफ (73) पाकिस्तान लौटने पर कानून का सामना करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के निर्देश पर तैयार की गई एक मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकीय कारणों से विदेश भेजा गया था।

नवाज शरीफ को देश के उच्चतम न्यायालय ने 2017 में अयोग्य घोषित कर दिया था। वह 2018 में ‘पनामा पेपर’ मामले में न्यायालय के फैसले के बाद सार्वजनिक पद संभालने के लिए आजीवन अयोग्य हो गए। लाहौर उच्च न्यायालय से चिकित्सकीय आधार पर चार सप्ताह की जमानत मिलने के बाद लंदन रवाना होने से पहले नवाज शरीफ अल-अजीजिया मिल्स भ्रष्टाचार मामले में सात साल की जेल की सजा काट रहे थे। शहबाज ने कहा कि 12 अगस्त की आधी रात 12 बजे कार्यकाल पूरा होने से कुछ दिन पहले नेशनल असेंबली (एनए) के भंग होने की अधिसूचना राष्ट्रपति आरिफ अल्वी को भेजी जाएगी।

पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने कहा कि पीएमएल-एन आम चुनावों में सहयोगी दलों के साथ सीटों के समायोजन का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी उन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी जहां आम सहमति नहीं बन पाएगी। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों, पीएमएल-एन के सर्वोच्च नेता नवाज शरीफ और नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता राजा रियाज के साथ विचार-विमर्श के बाद कार्यवाहक व्यवस्था पर सहमति बनायी जाएगी ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें