
काठमांडू : प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा से पहले नेपाल ‘बड़े सहायता पैकेज’ प्राप्त करने की उम्मीद रखता है। काठमांडू स्थित विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसका संकेत दिया है। उनके अनुसार, नवंबर के आखिरी दिनों में संभव इस यात्रा के दौरान नेपाल सहायता पैकेज की मांग रख सकता है। नेपाल और भारत की ओर से अभी तक इस यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
हालांकि, नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि शाह 22 या 23 नवंबर को नई दिल्ली की यात्रा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री की प्रेस सलाहकार दीपा दहल ने आईएएनएस को बताया कि नवंबर के आखिरी दिनों में पीएम शाह के भारत दौरे की संभावना है। वह भारत में कितने दिन रहेंगे, यह अभी तय नहीं हुआ है। विदेश मंत्रालय ने अभी तक भारतीय पक्ष को इस यात्रा के लिए कोई निश्चित तारीख नहीं सुझाई है।
5 मार्च को हुए संसदीय चुनावों के बाद, 27 मार्च को शाह ने नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी, जिसके बाद भारत ने उन्हें नई दिल्ली आने का निमंत्रण दिया था। अब तक शाह केवल एक बार विदेश यात्रा पर गए हैं। सितंबर में वो संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क गए थे।