Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच बातचीत का ठोस नतीजा नहीं

April 24, 2023

भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच बातचीत का ठोस नतीजा नहीं

नयी दिल्ली: पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के साथ पिछले तीन वर्षों से चले आ रहे सैन्य गतिरोध के समाधान के लिए दोनों देशों की सेनाओं के कोर कमांडरों की रविवार को बैठक हुई जिसमें दोनों ने बाकी बचे विवादास्पद मुद्दों का बातचीत के जरिये शीघ्र समाधान करने पर एक बार फिर सहमत व्यक्त की। दोनों पक्षों के बीच ताजा दौर की बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।

बातचीत के बाद जारी वक्तव्य में कहा गया है कि चीन सीमा में चुशूल मोल्दो क्षेत्र में रविवार को दोनों पक्षों के सैन्य कमांडरों के बीच पश्चिमी सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा से लगते क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए विस्तार से बातचीत हुई। उन्होंने माना कि इन मुद्दों के समाधान से सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और मैत्री का माहौल बनेगा जिससे द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति आयेगी।

सैन्य कमांडरों ने गत मार्च में विदेश मंत्रियों की बातचीत के आधार और मार्गदर्शन को ध्यान में रखते हुए खुलकर विचारों का आदान प्रदान किया।
दोनों पक्षों ने पश्चिमी सेक्टर में जमीन पर सुरक्षा और स्थिरता बनाये रखने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने बाकी बचे मुद्दों के शीघ्र और परस्पर स्वीकार्य समाधान के लिए सैन्य तथा राजनयिक माध्यमों से बातचीत जारी रखने पर भी सहमति व्यक्त की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें