वाशिंगटन: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वन बिग ब्यूटीफुल बिल पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ अब यह बिल एक कानून बन गया है। यह बिल प्रतिनिधि सभा के पारित किए जाने के एक दिन बाद आया, जिससे राष्ट्रपति ट्रंप के ऐतिहासिक कानून को अंतिम स्वीकृति मिल गई। स्वतंत्रता दिवस समारोह में ट्रंप ने कहा कि मैंने कभी देश में लोगों को इतना खुश नहीं देखा क्योंकि कई अलग-अलग वर्गों के लोग अब सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इनमें सेना, आम नागरिक और विभिन्न प्रकार की नौकरियों से जुड़े लोग शामिल हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने साउथ डकोटा से रिपब्लिकन सीनेट मेजॉरिटी लीडर जॉन थ्यून और लुइसियाना से रिपब्लिकन हाउस स्पीकर माइक जॉनसन को सराहा, जिन्होंने इस विधेयक को कांग्रेस के दोनों सदनों से पारित कराने में अहम भूमिका निभाई है। ट्रंप ने कहा, ‘वह दोनों एक ऐसी टीम हैं, जिसे हराया नहीं जा सकता। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने इस विधेयक को ‘उन सभी नीतियों का सार‘ बताया, जिन पर राष्ट्रपति ने चुनाव लड़ा और जिनके पक्ष में जनता ने मतदान किया था। उन्होंने इसे अमेरिकी जनता के लिए एक विजयी दिन बताया है। वीरवार दोपहर को हाउस रिपब्लिकन ने टैक्स में भारी कटौती, संघीय खर्च में कटौती, पेंटागन और बॉर्डर सिक्योरिटी के लिए फंडिंग बढ़ाने वाले ट्रंप के विशाल पैकेज को मंजूरी देने के लिए मतदान किया, जिससे यह विधेयक पारित हो गया।

