Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

ओसाका विश्व एक्सपो में “चाइना पैवेलियन दिवस” का भव्य आयोजन

July 11, 2025

ओसाका विश्व एक्सपो में “चाइना पैवेलियन दिवस” का भव्य आयोजन

11 जुलाई को, जापान के ओसाका विश्व एक्सपो में “चाइना पैवेलियन दिवस” मनाया गया। संबंधित कार्यक्रम में चीनी उप प्रधानमंत्री ह लिफ़ंग ने भाग लिया और भाषण दिया। ह लिफ़ंग ने कहा कि विश्व एक्सपो सभ्यताओं के बीच आदान-प्रदान और आपसी सीख को बढ़ावा देने, सामाजिक समृद्धि और प्रगति को बढ़ावा देने तथा सभी देशों के लोगों के बीच मैत्री बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। चीन सरकार ओसाका विश्व एक्सपो में भागीदारी को बहुत महत्व देती है। राष्ट्रपति शी चिनफिंग की व्यक्तिगत देखरेख में, चाइना पैवेलियन ने “मानव और प्रकृति के बीच जीवन समुदाय का निर्माण- हरित विकास का भावी समाज” विषय पर अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई।

चीन की पारिस्थितिक सभ्यता निर्माण की जीवंत कार्यप्रणाली के आधार पर, इसने प्रकृति का सम्मान करने, उसके साथ अनुकूलन करने और उसकी रक्षा करने की चीन की विकास अवधारणा को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया, और चीन तथा विश्व के अन्य देशों द्वारा मानव और प्रकृति के बीच जीवन समुदाय के संयुक्त निर्माण की सुंदर कल्पना की आशा व्यक्त की। ह ने यह भी कहा कि चाइना पैवेलियन में अद्भुत प्रदर्शनियों, समृद्ध इंटरैक्टिव अनुभवों और विविध सांस्कृतिक और विनिमय गतिविधियों के माध्यम से, दुनिया भर के दर्शक निश्चित रूप से इसके माध्यम से एक वास्तविक, सुंदर, भरोसेमंद, प्यारा और सम्मानजनक चीन देखेंगे।

उन्होंने बल देते हुए कहा कि चीन और जापान घनिष्ठ पड़ोसी हैं, जिन्हें अलग नहीं किया जा सकता, तथा उनके बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान का इतिहास 2,000 वर्षों से भी अधिक पुराना है। पिछले वर्ष नवंबर में, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ बैठक की और द्विपक्षीय संबंधों के विकास के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया। चीन जापान के साथ मिलकर दोनों देशों के नेताओं द्वारा प्राप्त महत्वपूर्ण आम सहमति को लागू करते हुए चीन-जापान रणनीतिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को बढ़ावा देना चाहता है, और नए युग की आवश्यकताओं के अनुरूप रचनात्मक और स्थिर चीन-जापान संबंधों का निर्माण करने को तैयार है।

बता दें कि “चाइना पैवेलियन दिवस” के अवसर पर चीनी संस्कृति की विविधता और गहराई को दर्शाने वाले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। इस विशेष आयोजन में संगीत, पारंपरिक नृत्य, चीनी ओपेरा, सुलेख, मार्शल आर्ट, कलाबाजी और अमूर्त सांस्कृतिक विरासत जैसे प्रदर्शन माध्यमों के ज़रिए चीन की समृद्ध और प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। चीन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संवर्धन परिषद द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 13 अप्रैल को ओसाका विश्व एक्सपो के उद्घाटन के बाद से अब तक, चाइना पैवेलियन को दुनिया भर से 76,000 से अधिक दर्शक देख चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 10,000 लोग इस पैवेलियन का दौरा कर रहे हैं। 

(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें