Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘भाईजान’ के बयान पर भड़का पाकिस्तान, अभिनेता को घोषित किया आतंकवादी

October 26, 2025

‘भाईजान’ के बयान पर भड़का पाकिस्तान, अभिनेता को घोषित किया आतंकवादी

Joy Forum 2025 : बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। आपको बता दें कि सऊदी अरब में आयोजित ‘जॉय फोरम 2025’ (Joy Forum 2025) के दौरान दिए गए उनके बयान ने भारत-पाकिस्तान के बीच राजनयिक तनाव को बढ़ा दिया है। दरअसल कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने अपने संबोधन में कहा था “यह बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं… सभी सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहे हैं।” सलमान द्वारा बलूचिस्तान का ज़िक्र पाकिस्तान से अलग इकाई के रूप में करने पर पड़ोसी देश की सरकार भड़क उठी।

अभिनेता को ‘आतंकी’ घोषित कर जारी किया नोटिफिकेशन

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसे “राजनीतिक अपमान” बताया और कड़ी प्रतिक्रिया दी। पाकिस्तानी गृह मंत्रालय ने सलमान खान का नाम देश के एंटी-टेररिज्म एक्ट के तहत आने वाली फोर्थ शेड्यूल सूची में शामिल कर दिया है, जिसमें आतंकवाद या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के नाम दर्ज किए जाते हैं। इसका मतलब है कि पाकिस्तान में अब उन्हें आतंकवादी के रूप में दर्ज किया गया है और उन पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर #BanSalmanKhan और #TerroristSalman जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे हैं। कई कट्टरपंथी संगठनों ने मांग की है कि भारत के सभी कलाकारों पर पाकिस्तान में स्थायी प्रतिबंध लगाया जाए।

वहीं, इस बयान पर भारत की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सलमान खान या उनकी टीम ने भी इस विवाद पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

बलूच नेताओं ने सलमान के बयान का किया समर्थन

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान जहां इस बयान से नाराज़ है, वहीं बलूचिस्तान के अलगाववादी नेताओं ने सलमान खान का समर्थन किया है। बलूच नेता मीर यार बलूच ने कहा, “सलमान खान ने वह बात कही है, जिसे कई देश बोलने से कतराते हैं। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है।” बलूच नेताओं का मानना है कि अभिनेता के इस बयान से उनके स्वतंत्रता आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें