Site icon Dainik Savera Times

भूकंप के तेज झटकों से कांपा फिलीपींस… मचा हड़कंप, सुनामी अलर्ट जारी; देखें खौफनाक VIDEO

Philippines Earthquake: फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से मिंडानाओ (Mindanao) में 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र धरती से करीब 50 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। झटके इतने तेज़ थे कि घर, दुकानें और इमारतें बुरी तरह हिल गईं।

भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने सुनामी अलर्ट जारी करते हुए तटीय इलाकों के लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने सभी समुद्री गतिविधियों को तत्काल रोक दिया है।

ये भी पढ़े : यूपी-MP में भारी बारिश… रातें हुई ठंडी, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

लोगों में दहशत, सामने आए डरावने वीडियो
रिपोर्ट्स के मुताबिक, झटके इतने जबरदस्त थे कि कई इलाकों में लोग घरों से भागकर सड़कों पर आ गए। दुकानों में रखा सामान नीचे गिर गया, और घरों की दीवारें तक हिलती दिखीं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें घरों की लाइटें झूलती नजर आ रही हैं और फिश एक्वेरियम से पानी छलकते हुए देखा जा सकता है।

अब तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं
हालांकि शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नुकसान या जानमाल की हानि की खबर नहीं मिली है, लेकिन राहत-बचाव दलों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है। स्थानीय प्रशासन ने अस्पतालों, सड़कों और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। राहत एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील इलाका
फिलीपींस दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में से एक है, जो “रिंग ऑफ फायर” कहलाने वाले प्रशांत महासागरीय भूकंपीय घेराव का हिस्सा है। यहां फिलीपींस सी प्लेट और यूरेशियन प्लेट के टकराव से जमीन के भीतर लगातार भू-तनाव बनता रहता है, जो समय-समय पर शक्तिशाली भूकंपों का कारण बनता है।

ये भी पढ़े : क्या इस दीवाली दिल्ली-NCR वासी चला पाएंगे पटाखे? सुप्रीम कोर्ट आज करेगा मामले पर सुनवाई

सितंबर में भी आई थी बड़ी तबाही
सितंबर 2025 में भी फिलीपींस के सेबू द्वीप पर 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 72 लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों घायल हुए थे। ताजा भूकंप को उस हादसे के बाद की दूसरी बड़ी भूकंपीय घटना माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, समुद्र के नीचे आए ऐसे भूकंपों से सुनामी का खतरा भी बढ़ जाता है। अगर समुद्र तल में हलचल तेज होती है, तो विशाल लहरें तटीय इलाकों पर भारी तबाही मचा सकती हैं। प्रशासन ने फिलहाल लोगों को सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version