इंटरनेशनल डेस्क: नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम में शनिवार तड़के एक यहूदी स्कूल के पास जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। शहर की मेयर फेमके हल्सेमा ने इस घटना को यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया हमला बताया है। इस घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- ईरान के शहर तबरीज पर हमला करेगा इजरायल, नक्शा साझा कर लिखा- जगह खाली करें लोग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह विस्फोट एम्सटर्डम के दक्षिणी हिस्से में स्थित एक समृद्ध रिहायशी इलाके में बने यहूदी स्कूल के पास हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और इलाके को घेर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार धमाका तड़के हुआ, इसलिए स्कूल में कोई मौजूद नहीं था। इसी वजह से किसी के घायल होने या जानमाल के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। स्कूल की इमारत को केवल हल्का नुकसान पहुंचा है।
एम्सटर्डम की मेयर फेमके हल्सेमा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं है। उनके मुताबिक यह हमला जानबूझकर यहूदी समुदाय को डराने और उन्हें निशाना बनाने के उद्देश्य से किया गया लगता है। उन्होंने कहा कि शहर में नफरत और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द ही पकड़कर कानून के हवाले किया जाएगा।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाका किसने और किस तरह किया। साथ ही शहर में मौजूद यहूदी संस्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक पर लगा NSA हटाया, 6 महीने बाद हिरासत खत्म
पिछले कुछ समय में यूरोप के कई शहरों में यहूदी संस्थानों और समुदाय को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ी हैं। एम्सटर्डम में हुए इस धमाके के बाद स्थानीय यहूदी समुदाय में चिंता का माहौल है। शहर प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...