इंटरनेशनल डेस्क: नए साल 2026 की शुरुआत पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश को संबोधित करते हुए यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें यूक्रेन में रूस की अंतिम जीत पर पूरा विश्वास है और देशवासियों से रूसी सेना का समर्थन करने की अपील की।
पुतिन का यह टेलीविजन संबोधन सबसे पहले रूस के सुदूर पूर्वी इलाके कामचटका प्रायद्वीप में प्रसारित हुआ। चूंकि यह क्षेत्र सबसे पहले नए साल में प्रवेश करता है, इसलिए वहां से ही 2026 के स्वागत के साथ राष्ट्रपति का संदेश दिखाया गया। इसके बाद यह भाषण पूरे रूस में अलग-अलग समय पर प्रसारित किया गया।
ये भी पढ़ें: नए साल से बदल गए ये नियम, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर
सीधे सैनिकों और कमांडरों से की बात
नए साल की शुभकामनाएं देते हुए पुतिन ने खास तौर पर यूक्रेन युद्ध में तैनात रूसी सैनिकों और उनके कमांडरों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश को अपने सैनिकों पर गर्व है और उनकी जीत पर पूरा भरोसा है। रूस के करोड़ों नागरिक हर समय मोर्चे पर लड़ रहे जवानों के बारे में सोचते हैं और उनके साथ खड़े हैं।
युद्ध को बताया पूरे देश का संघर्ष
राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि पूरे देश का साझा राष्ट्रीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई रूस की संप्रभुता, सुरक्षा और भविष्य से जुड़ी हुई है। इस युद्ध में अब तक दोनों पक्षों को भारी नुकसान हुआ है और सैनिकों की मौत का आंकड़ा हजारों से लेकर लाखों तक बताया जा रहा है।
क्रेमलिन के सामने दिखाई दिए पुतिन
इस संबोधन के दौरान पुतिन काले सूट और गहरे नीले रंग की टाई में क्रेमलिन के सामने खड़े नजर आए। उन्होंने देश की एकता और देशभक्ति पर जोर देते हुए कहा कि रूस की ताकत उसकी एकजुटता में है, जो देश की सुरक्षा, विकास और आने वाले भविष्य को तय करती है।
ये भी पढ़ें: Stock Market Update: नए साल पर शेयर बाजार की शानदार शुरुआत, Sensex-Nifty में दिखा जोश
नए साल पर राष्ट्रपति का संदेश पुरानी परंपरा
रूस में नए साल से पहले राष्ट्रपति का टेलीविजन संबोधन एक पुरानी परंपरा है, जिसकी शुरुआत सोवियत काल से मानी जाती है। हर साल यह भाषण पूरे देश में दिखाया जाता है और लोग इसे नए साल के संदेश के रूप में खास महत्व देते हैं।