Site icon Dainik Savera Times

पुतिन ने रामफोसा को ट्रम्प से मुलाकात के बारे में जानकारी दी

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा को सोमवार को रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुई हालिया मुलाकात के बारे में जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पुतिन और ट्रम्प ने अलास्का के एंकोरेज में एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘राष्ट्रपति पुतिन ने राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ अपनी बातचीत के तरीके और शांति प्रक्रिया पर उभरते तालमेल पर संतोष व्यक्त किया।’

बयान के अनुसार रामफोसा ने पुतिन की ब्रीफिंग की सराहना की और साथ ही ‘रूस और यूक्रेन के बीच स्थायी शांति स्थापित करने के लिए प्रमुख मुद्दों पर और अधिक समझौते’ की आवश्यकता पर जोर दिया। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने एक बार फिर खुले संवाद बनाए रखने और द्विपक्षीय हितों के मुद्दों पर अपना सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया। रामफोसा अन्य अफ्रीकी नेताओं के साथ रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता भी कर रहे हैं। ट्रम्प सोमवार को व्हाइट हाऊस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और कुछ यूरोपीय नेताओं से मिलने वाले हैं।

ये भी पढ़े- Punjab Weather Today: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट

Exit mobile version