इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक 57 वर्षीय सिख व्यक्ति के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। यह घटना ट्रेसी इलाके में स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक प्रकाश परिसर से हुई बताई जा रही है। यह गुरुद्वारा दमदमी टकसाल द्वारा संचालित किया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार, अपहृत व्यक्ति की पहचान अवतार सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से गुरुद्वारे में रसोइए के तौर पर सेवा दे रहे थे और गुरुद्वारा परिसर में ही रहते थे। बताया जा रहा है कि अमेरिकी समय के अनुसार, मंगलवार दोपहर उन्हें संदिग्ध परिस्थितियों में वहां से ले जाया गया। इस मामले की जांच सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने शुरू कर दी है। शेरिफ कार्यालय ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर घटना से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए लोगों से किसी भी प्रकार की सूचना देने की अपील की है।
शेरिफ कार्यालय के अनुसार, 17 फरवरी की रात करीब 8:52 बजे ट्रेसी के वेस्ट ग्रांट लाइन रोड के 16000 ब्लॉक से एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई, जिसमें दोपहर करीब 2:30 बजे एक सफेद रंग की एसयूवी और तीन अज्ञात लोग दिखाई दिए। ये तीनों लोग गहरे रंग के कपड़ों में थे और फुटेज में देखा गया कि अवतार सिंह को उनकी इच्छा के विरुद्ध वाहन में बैठाया गया।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर इसे एक अलग-थलग घटना माना जा रहा है और समुदाय के लिए किसी तरह का तत्काल खतरा नहीं बताया गया है। शेरिफ कार्यालय ने अवतार सिंह की तस्वीर भी जारी की है ताकि लोगों से पहचान या सुराग मिलने में मदद मिल सके।
कैलिफोर्निया की सिख समुदाय के सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी समय गुरुवार सुबह तक अवतार सिंह का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस लगातार जांच में जुटी है और आसपास के इलाकों में भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है।
Video: JJP ने तोशाम हल्के की कार्यकारणी की घोषित, णा 12 सदस्यों की टीम की घोषित
मेष: दिन शुभ रहेगा...