Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

South Korea: हाई स्कूल में छात्र ने किया चाकू से हमला, प्रिंसिपल सहित सात लोग घायल

April 28, 2025

South Korea: हाई स्कूल में छात्र ने किया चाकू से हमला, प्रिंसिपल सहित सात लोग घायल

चेओन्गजू : सोमवार सुबह दक्षिण कोरिया के चेओन्गजू शहर में एक हाई स्कूल में हुई हिंसक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक 18 वर्षीय विशेष शिक्षा वर्ग का छात्र अपने काउंसलर से बैठक के दौरान अचानक आक्रामक हो उठा और चाकू से हमला कर दिया, जिसमें स्कूल के प्रिंसिपल समेत सात लोग घायल हो गए।

यह हमला सुबह लगभग 8:40 बजे हुआ, जब कक्षाओं की शुरुआत हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, छात्र काउंसलर के साथ बातचीत के बाद कक्षा से बाहर निकला और गलियारे में मिल रहे लोगों पर अचानक चाकू से वार करने लगा। इसके बाद वह स्कूल परिसर से भागते हुए दो राहगीरों पर भी हमला कर बैठा।

-प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि…

एक 43 वर्षीय व्यक्ति, जो अपने बच्चों को किंडरगार्टन छोड़ने जा रहे थे, उस समय छात्र का निशाना बने। पीड़ित ने बताया, “मैं धीरे-धीरे गाड़ी चला रहा था तभी एक युवक आया और कार का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही मैंने खिड़की खोली, उसने अचानक मेरे चेहरे पर चाकू से वार कर दिया और भाग गया।”

-घटना को अंजाम देने के बाद छात्र हुआ फरार

घटना को अंजाम देने के बाद छात्र पास के एक जलाशय में कूद गया, लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वर्तमान में छात्र अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

-आरोपी छात्र ने लोगों पर चाक़ू से किए कई वार

अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ितों को छाती, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन किसी की जान को फिलहाल खतरा नहीं है। सभी घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद उत्तरी चुंगचियोंग प्रांत के शिक्षा कार्यालय ने घोषणा की कि सोमवार को कक्षाएं केवल सातवीं पीरियड तक संचालित होंगी। साथ ही, अभिभावकों को स्थिति की पूरी जानकारी दे दी गई है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि घटना के समय अधिकांश छात्र अपनी कक्षाओं में थे, इसलिए उन्होंने इस भयावह दृश्य को प्रत्यक्ष नहीं देखा। समाज में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और स्कूल प्रशासन मिलकर इस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी: इन सस्ते रिचार्ज प्लान्स में फ्री मिलेगा JioHotstar एक्सेस; कम खर्च में देखें लाइव IPL 2026 मैच

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें