Site icon Dainik Savera Times

Sri Lanka Navy Firing : श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में 2 भारतीय मछुआरे गंभीर रूप से घायल

Sri Lanka Navy Firing

Sri Lanka Navy Firing

Sri Lanka Navy Firing : मंगलवार सुबह डेल्फ़्ट द्वीप के निकट श्रीलंकाई नौसेना द्वारा की गई गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भारत में द्वीपीय राष्ट्र के कार्यवाहक उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। विदेश मंत्रालय के अनुसार गोलीबारी में तीन अन्य भारतीय मछुआरे भी मामूली रूप से घायल हो गए। मंत्रालय ने कहा, आज सुबह डेल्फ़्ट द्वीप के निकट 13 भारतीय मछुआरों को पकड़ने के दौरान श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। इसमें कहा गया है, मछली पकड़ने वाली नाव पर सवार 13 मछुआरों में से दो को गंभीर चोटें आई हैं और उनका फिलहाल जाफना टीचिंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसमें कहा गया है कि तीन अन्य मछुआरों को मामूली चोटें आईं हैं और उनका उपचार किया गया है।

नई दिल्ली स्थित श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को आज सुबह विदेश मंत्रालय में बुलाया गया
जाफना स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने घायल मछुआरों से अस्पताल में मुलाकात की और उनका हालचाल जाना तथा मछुआरों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। विदेश मंत्रालय ने कहा, नई दिल्ली स्थित श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को आज सुबह विदेश मंत्रालय में बुलाया गया और घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी यह मामला श्रीलंकाई विदेश मंत्रलय के समक्ष उठाया है। विदेश मंत्रालय ने कहा, किसी भी परिस्थिति में बल प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। इस संबंध में दोनों सरकारों के बीच मौजूदा सहमति का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।

Exit mobile version