इंटरनेशनल डेस्क. जापान में शनिवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से धरती हिल गई। यह भूकंप देश के होन्शू द्वीप के पूर्वी तट पर आया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन के 50 किलोमीटर अंदर था। इस गहराई पर आने वाले भूकंप आमतौर पर मध्यम से तेज श्रेणी के माने जाते हैं।
ये भी पढ़ें: देशभर में बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार और राजस्थान में झमाझम बारिश
समुद्र के भीतर था केंद्र
जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र होन्शू द्वीप के पूर्वी तट के पास समुद्र में स्थित था। इसलिए इसके झटके सबसे ज्यादा तटीय इलाकों फुकुशिमा, मियागी और इवाते प्रांतों में महसूस किए गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि झटके कई सेकंड तक महसूस किए गए। डर के चलते लोग घर और इमारतों से निकलकर खुले स्थानों की ओर भाग गए। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं आई है।
सुनामी का खतरा नहीं
जापान के मौसम विभाग (JMA) और पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने पुष्टि की है कि इस भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। भले ही इसका केंद्र समुद्र के नीचे था, लेकिन 50 किलोमीटर की गहराई के कारण सुनामी आने की संभावना बहुत कम मानी गई है।
ये भी पढ़ें: बिना वैध Fastag वाहनों को टोल प्लाजा पर देना होगा दोगुना नकद शुल्क
भूकंप प्रवण देश है जापान
जापान दुनिया के उन देशों में शामिल है, जो भूकंप पट्टी (Pacific Ring of Fire) पर स्थित हैं। यहाँ टेक्टोनिक प्लेटों की लगातार हलचल के कारण अक्सर छोटे-बड़े भूकंप आते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जापान में इमारतें और पुल भूकंप-रोधी तकनीक से बनाए गए हैं। इसी वजह से यहाँ के लोग अक्सर आने वाले भूकंपों के बावजूद बड़े नुकसान से बच जाते हैं।

