मौजूदा आकलन यह है कि गाजा में अस्पताल में विस्फोट के लिए इज़राइल जिम्मेदार नहीं है’: अमेरिका
October 18, 2023
तेल अवीव: अमेरिकी राष्ट्रपति के निवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि मौजूदा खुफिया आकलन से पता चला है कि गाजा के अस्पताल में हुए विस्फोट के लिए इज़राइल जिम्मेदार नहीं है, लेकिन उस बाबत सूचना अब भी इकट्ठी की जा रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने सोशल मीडिया पर किए पोस्ट में बुधवार को कहा कि यह आकलन उपग्रह से हासिल तस्वीरों (ओवरहेड इमेजरी), ‘इंटरसेप्ट्स’ और खुले सूत्रों से हासिल जानकारी के वेिषण पर आधारित है।
इससे पहले राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक बैठक के दौरान इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से कहा था, मैंने जो देखा है, उसके आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि यह काम आपने नहीं, बल्कि दूसरी टीम ने किया है।अस्पताल में विस्फोट के लिए कौन जिम्मेदार है, इसे लेकर अलग अलग दावे किए जा रहे हैं। हमास के अधिकारियों ने कहा कि इज़राइल ने अस्पताल पर हवाई हमला किया है। इज़राइल की सेना ने संलिप्तता से इनकार किया है और दावा किया कि अन्य चरमपंथी समूह फलस्तीन इस्लामिक जिहाद की ओर से दागे गए रॉकेट का निशाना चूकने की वजह से यह घटना हुई। हालांकि इस समूह ने भी इससे इनकार किया है। बाइडन ने कहा कि वहां बहुत सारे लोग थे जिन्हें नहीं पता है कि किस कारण से विस्फोट हुआ है। इस विस्फोट के बाद समूचे पश्चिम एशिया में प्रदर्शन भड़क गए हैं।