Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन-ऑस्ट्रेलिया राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ पर चीन व ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्र प्रमुखों ने बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया

December 22, 2022

चीन-ऑस्ट्रेलिया राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ पर चीन व ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्र प्रमुखों ने बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया

21 दिसंबर को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चीन-ऑस्ट्रेलिया राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ पर ऑस्ट्रेलियाई गवर्नर-जनरल डेविड हार्ले के साथ बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया। शी चिनफिंग ने कहा कि 50 साल पहले चीन और ऑस्ट्रेलिया के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से, दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग ने उपयोगी परिणाम प्राप्त किए हैं, जिससे दोनों देशों के लोगों को ठोस लाभ हुआ है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में चीन और ऑस्ट्रेलिया दोनों महत्वपूर्ण देश हैं। चीन-ऑस्ट्रेलिया संबंधों का स्वस्थ और स्थिर विकास न केवल दोनों देशों के लोगों के मौलिक हितों के अनुरूप है, बल्कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र व दुनिया की शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ाने के लिए भी मददगार है। मैं चीन-ऑस्ट्रेलिया संबंधों के विकास को बहुत महत्व देता हूं, और मैं ऑस्ट्रेलिया के साथ राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आपसी सम्मान, आपसी लाभ और उभय जीत के सिद्धांतों का पालन करते हुए चीन-ऑस्ट्रेलिया चतुर्मुखी रणनीतिक साझेदारी के सतत विकास को बढ़ावा देने को तैयार हूं, ताकि दोनों देशों और दोनों देशों के लोगों की भलाई की जा सके।

वहीं, डेविड हार्ले ने कहा कि 50 साल पहले के ऐतिहासिक फैसले ने ऑस्ट्रेलिया-चीन संबंधों के विकास का मार्ग प्रशस्त किया, दोनों देशों के लिए विकास और अवसर लाए। भविष्य को देखते हुए, ऑस्ट्रेलिया चतुर्मुखी रणनीतिक साझेदारी की स्थिति का पालन करते हुए आपसी सम्मान और आपसी लाभ की भावना के साथ चीन के साथ स्थिर और रचनात्मक संबंध विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उसी दिन, चीनी प्रधानमंत्री ली खछ्यांग और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस ने भी बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया। ली खछ्यांग ने आशा व्यक्त की कि चीन और ऑस्ट्रेलिया राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग को गहरा करेंगे, संयुक्त रूप से चीन-ऑस्ट्रेलिया संबंधों के निरंतर, स्वस्थ और स्थिर विकास को बढ़ाएंगे, और दोनों देशों के लोगों के लिए अधिक लाभ लाएंगे।

एंथनी अल्बनीस ने कहा कि साल 1972 में, प्रधानमंत्री एडवर्ड गॉफ व्हिटलैम के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलियाई लेबर पार्टी सरकार ने चीन लोक गणराज्य के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने का फैसला किया, जिसके लिए साहस और दूरदर्शिता की आवश्यकता थी। इस सही निर्णय ने दोनों देशों के बीच मजबूत, स्थायी और आपसी लाभ वाले संबंधों के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। मुझे विश्वास है कि स्थिर ऑस्ट्रेलिया-चीन संबंध दोनों देशों के हित के अनुरूप हैं। मैं चीन के साथ आपसी सम्मान और आपसी लाभ के आधार पर ऑस्ट्रेलिया-चीन चतुर्मुखी रणनीतिक साझेदारी के विकास को आगे बढ़ाने की अपेक्षा करता हूं।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें