Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Canada के जंगलों में भीषण आग की वजह से हजारों लोगों ने अपना ठिकाना छोड़ा

August 19, 2023

Canada के जंगलों में भीषण आग की वजह से हजारों लोगों ने अपना ठिकाना छोड़ा

वैंकुवर: कनाडा के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की राजधानी से सटे जंगलों में लगी भीषण आग की वजह से 20,000 से अधिक लोगों को वहां से विस्थापित होना पड़ा। वहीं, येलोनाइफ शहर से सैकड़ों किलोमीटर दक्षिण में स्थित ब्रिटिश कोलंबिया की घनी आबादी वाले इलाके में आग तेजी से फैल रही है, जिससे वहां के हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई है। आग की वजह से यहां के कई घर जल गये। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के अधिकारियों ने शुक्रवार शाम को कहा कि आग की वजह से पिछले 48 घंटे से कम समय में लगभग 19,000 लोगों ने येलोनाइफ शहर छोड़ दिया है, जिनमें से लगभग 15,000 लोग वाहनों में और 3,800 आपातकालीन उड़ानों में वहां से निकले। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 2,600 लोग अब भी शहर में हैं, जिनमें 1,000 आवश्यक कर्मचारी हैं।

क्षेत्र के पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री शेन थॉम्पसन ने कहा कि जंगल में लगी आग की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वहां पर जो गैर-आपातकालीन कर्मचारी रुके थे वे खुद को और दूसरों को खतरे में डाल रहे थे। उन्होंने कर्मचारियों से कहा, “कृपया अब वहां से बाहर निकलें।” आग पर काबू पाने के लिये ग्यारह हवाई टैंकर से पानी की बौछार की गई तथा एक अन्य विमान ने आग की लपटों पर अग्निरोधी पदार्थ गिराए। अग्निशमन सूचना अधिकारी माइक वेस्टविक ने कहा, “आग पर काबू पाने के लिये यह इस क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा जल अभियान है।” वेस्टविक ने कहा, ‘‘एक महीने से भी अधिक समय पहले आकाशीय बिजली गिरने से लगी आग लगभग 1,670 वर्ग किलोमीटर तक फैल गई है और यह “जल्दी बुझने वाली नहीं है।”

उन्होंने कहा कि शुष्क मौसम और घने जंगलों के कारण आग ने तीन अलग-अलग नियंत्रण रेखाओं को पार कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि येलोनाइफ शहर से सैकड़ों किलोमीटर दक्षिण में स्थित ब्रिटिश कोलंबिया के पश्चिमी केलोना की लगभग 38,000 की आबादी वाले शहर में जंगल की आग तेजी से फैल रही है और यह “बेकाबू” हो गयी है, जिससे वहां के कई घर जल गये। इलाके में तेजी से फैल रही आग के कारण ब्रिटिश कोलंबिया के प्रधानमंत्री डेविड एबी ने आपातकाल की घोषणा कर दी। वेस्ट केलोना अग्निशमन विभाग के प्रमुख जेसन ब्रोलुंड ने कहा कि आग की वजह से अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कुछ बचावकर्मी उन लोगों को बचाते समय फंस गए जो वहां से बाहर निकलने में विफल रहे। प्रांत के आपातकालीन प्रबंधन मंत्री बोविन मा ने शुक्रवार को कहा था कि “हम अब भी बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें