Tragic Accident in Canada: इंटरनेशनल डेस्क: वैंकूवर के ईस्ट 41वीं एवेन्यू और फ्रेजर स्ट्रीट के समीप शनिवार रात एक भयानक हादसे ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया। फिलिपिनो समुदाय द्वारा आयोजित लैपू लैपू फेस्टिवल के दौरान एक बेकाबू एसयूवी भीड़ में घुस गई, जिससे कई लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और अनेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
वैंकूवर पुलिस विभाग (VPD) के मुताबिक, घटना रात 8 बजे के बाद हुई जब सैकड़ों लोग लैपू लैपू डे ब्लॉक पार्टी में भाग ले रहे थे। यह फेस्टिवल फिलीपींस के पहले राष्ट्रीय नायक लैपू लैपू की याद में हर साल मनाया जाता है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भयावह दृश्य सामने आए हैं, जहां घायल और मृत पड़े लोगों को देखा जा सकता है। चश्मदीदों ने बताया कि कार ने उन लोगों को टक्कर मारी जो सड़क पर पैदल चल रहे थे।
-सहानुभूति और संवेदनाएं:
न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद डॉन डेविस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए लिखा, “लैपू लैपू फेस्टिवल में हुए भयावह हादसे की खबर से बेहद दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
वहीं, वैंकूवर के मेयर केन सिम ने भी घटना को ‘हृदय विदारक’ बताते हुए कहा, “हम सभी प्रभावित परिवारों और वैंकूवर के फिलिपिनो समुदाय के साथ इस मुश्किल घड़ी में खड़े हैं।”
-पुलिस द्वारा जांच जारी:
पुलिस ने कहा है कि यह जांच का विषय है कि यह दुर्घटना जानबूझकर की गई थी या किसी अन्य कारणवश हुई। घटनास्थल पर भारी संख्या में आपातकालीन सेवाएं तैनात हैं और इलाके को सील कर दिया गया है।
फेस्टिवल, जिसका मकसद फिलीपीनी सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाना था, अचानक एक बड़े हादसे में बदल गया। स्थानीय प्रशासन और आयोजक समुदाय को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे हैं। यह घटना वैंकूवर के इतिहास में एक दर्दनाक स्मृति बनकर रह गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...