Site icon Dainik Savera Times

थाईवान को अमेरिकी हथियार बिक्री प्रस्ताव पर चीन का कड़ा विरोध

US arms sales proposal

US arms sales proposal

US arms sales proposal: रिपोर्टों के अनुसार थाईवान को अमेरिका की ओर से उन्नत इंटरसेप्टर मिसाइलों सहित बड़े पैमाने पर हथियारों की बिक्री का प्रस्ताव मंज़ूरी के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास भेजा जाने वाला है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन की राज्य परिषद के थाईवान मामलों के कार्यालय के प्रवक्ता छन पिनहुआ ने 18 मार्च को आयोजित नियमित प्रेस वार्ता में इसका दृढ़ विरोध जताया।

प्रवक्ता छन पिनहुआ ने स्पष्ट रूप से कहा कि चीन थाईवान को किसी भी प्रकार के हथियारों की बिक्री का लगातार और सख़्त विरोध करता है। उन्होंने कहा कि यह चीन का स्थायी और स्पष्ट रुख है। उन्होंने अमेरिका से आग्रह किया कि वह ‘एक चीन’ नीति और चीन-अमेरिका के तीन संयुक्त विज्ञप्तियों का पालन करते हुए इस मुद्दे को सावधानीपूर्वक संभाले। साथ ही, उन्होंने ज़ोर दिया कि अमेरिका को ठोस कदम उठाकर चीन-अमेरिका संबंधों की स्थिरता और थाईवान जलडमरूमध्य में शांति बनाए रखने में रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

इसी प्रेस वार्ता के दौरान एक संवाददाता ने हाल ही में चीनी कुओमिनतांग पार्टी (केएमटी) की अध्यक्ष चंग लीवेन के बयान पर टिप्पणी मांगी, जिसमें उन्होंने “शांतिपूर्ण वार्ता” फ़ोरम में भाग लेते हुए कहा था कि उन्होंने मुख्य भूमि की सद्भावना और ईमानदारी को गहराई से महसूस किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए छन पिनहुआ ने कहा कि थाईवान जलडमरूमध्य के दोनों किनारों के लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देने तथा लोगों के हितों और कल्याण को सुदृढ़ करने वाले हर प्रयास का चीन समर्थन करता है।

उन्होंने आगे कहा कि “1992 की आम सहमति” और “थाईवान की स्वतंत्रता” के विरोध के साझा राजनीतिक आधार पर चीन, कुओमिनतांग पार्टी सहित थाईवान की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों, संगठनों और आम लोगों के साथ संवाद और सहयोग को और मज़बूत करने के लिए तैयार है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version