Gangster Goldie Brar News: विदेश में बैठकर आपराधिक गतिविधियां चलाने के आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अमेरिका और कनाडा की जांच एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है। अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने गोल्डी बराड़ को अपनी ‘टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों’ की सूची में शामिल किया है। वहीं, कनाडा ने भी उसे देश के 25 सबसे वांछित अपराधियों की सूची में पहला स्थान दिया है।
दोनों देशों की एजेंसियों ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर लाखों डॉलर के इनाम का ऐलान किया है। FBI ने उसके बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 9.26 करोड़ रुपये तक का इनाम देने की घोषणा की है। दूसरी तरफ, कनाडा में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम रखा गया है।
FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने 28 सितंबर 2026 को सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया था। इस सूची में शामिल होने वाला वह 543वां भगोड़ा है।
FBI के अनुसार, गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का उत्तरी अमेरिका में कथित प्रमुख माना जाता है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस गैंग का नेटवर्क अमेरिका और कनाडा समेत कई देशों में फैला हुआ है और यह कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
एजेंसी के मुताबिक, गैंग पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की टारगेट किलिंग, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली और लोगों पर हमले करने जैसे आरोप हैं। इसके अलावा नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी में भी इस गिरोह की भूमिका होने का आरोप लगाया गया है।
FBI ने गोल्डी बराड़ को बेहद खतरनाक और हथियारों से लैस भगोड़ा बताया है। एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास उसकी लोकेशन या उससे जुड़ी कोई जानकारी है तो वह जांच एजेंसी को सूचित करे।
अमेरिका में गोल्डी बराड़ पर कई गंभीर आरोप
अमेरिका की संघीय अदालत में गोल्डी बराड़ के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक आरोप दर्ज हैं। इनमें संगठित अपराध गिरोह चलाने की साजिश, जबरन वसूली के लिए साजिश रचने और नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े आरोप शामिल हैं। अमेरिकी जांच एजेंसियों का मानना है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहा है। इसी नेटवर्क को तोड़ने के लिए अमेरिका में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
ऑपरेशन हार्डबॉल में 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र
FBI के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 को अमेरिका में ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई थी। इस ऑपरेशन के दौरान तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए थे।
इन आरोपियों में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े गिरोह के सदस्य भी शामिल बताए गए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, इन गिरोहों पर अमेरिका में हिंसक वारदातों, जबरन वसूली और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। अमेरिकी एजेंसियां अब इन गिरोहों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और उनके सदस्यों पर नजर रख रही हैं।
कनाडा की टॉप-25 मोस्ट वांटेड सूची में पहले नंबर पर गोल्डी
अमेरिका के बाद कनाडा ने भी गोल्डी बराड़ के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। 19 नवंबर को कनाडा के ‘BOLO प्रोग्राम’ ने देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की नई सूची जारी की थी। इस सूची में गोल्डी बराड़ को पहले नंबर पर रखा गया है।
कनाडा के विनिपेग पुलिस विभाग ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम देने का ऐलान किया है। यह इनाम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी करवाने वाली जानकारी देने पर मिल सकता है। इस इनाम की समयसीमा 2 नवंबर 2027 तक रखी गई है।
सुखा दुनेके हत्याकांड में कनाडा को गोल्डी की तलाश
कनाडा पुलिस को गोल्डी बराड़ की तलाश पंजाबी गैंगस्टर सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में है। पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2023 को कनाडा के विनिपेग शहर के हेजलटन ड्राइव इलाके में गोलीबारी हुई थी। इस वारदात में 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कनाडा पुलिस ने 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। दोनों पर फर्स्ट डिग्री मर्डर यानी सुनियोजित हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं।
अमेरिका और कनाडा में बढ़ी गोल्डी बराड़ की मुश्किलें
अमेरिका और कनाडा की अलग-अलग जांच एजेंसियों की कार्रवाई से साफ है कि गोल्डी बराड़ अब दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर है। एक तरफ FBI ने उसे अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया है, तो दूसरी तरफ कनाडा ने उसे देश के सबसे वांछित भगोड़ों में पहला स्थान दिया है।
दोनों देशों की ओर से घोषित इनाम और गिरफ्तारी वारंट के बाद गोल्डी बराड़ की तलाश और तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियां उसे कब तक गिरफ्तार कर पाती हैं।