वॉशिंगटन: अमेरिकी प्रशासन ने इमिग्रेशन में एक और बड़ा बदलाव करते हुए नया प्रोग्राम लॉन्च किया है, जिसे ‘गोल्ड कार्ड’ नाम दिया गया है। बता दें कि इस योजना के तहत विदेशी नागरिक सीधे अमेरिकी खजाने में बड़ी राशि जमा कर स्थायी निवासी (Permanent Resident) बनने का अवसर पा सकते हैं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह उच्च कौशल वाले विदेशी कर्मचारियों को तेज़ और सरल तरीके से अमेरिका में स्थायी आधार पर लाने का नया माध्यम है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भी शुरू कर दिए गए हैं।
आखिर क्या है ये गोल्ड कार्ड?
गोल्ड कार्ड एक वित्त-आधारित वीजा प्रोग्राम है जो ग्रीन कार्ड की तरह स्थायी निवास प्रदान करता है। लेकिन इसमें पारिवारिक या रोजगार-आधारित स्पॉन्सरशिप की जरूरत नहीं है। सिर्फ वित्तीय योगदान करने वाले आवेदक ही इसका लाभ उठा सकते हैं। गोल्ड कार्ड प्राप्त करने वाले भविष्य में अमेरिकी नागरिकता के लिए सामान्य प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
जानें इसकी लागत और प्रक्रिया
व्यक्तिगत गोल्ड कार्ड के लिए 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.4 करोड़ रुपये) जमा करना होगा। इसमें 15,000 डॉलर का नॉन-रिफंडेबल प्रोसेसिंग शुल्क शामिल है।
कंपनी द्वारा किसी कर्मचारी को गोल्ड कार्ड के लिए स्पॉन्सर करना हो तो प्रति व्यक्ति 2 मिलियन डॉलर का भुगतान करना होगा। इसमें भी 15,000 डॉलर प्रोसेसिंग शुल्क शामिल है। कंपनियां अतिरिक्त भुगतान करके किसी दूसरे कर्मचारी को यह “ट्रांसफर” भी कर सकती हैं। ट्रांसफर पर 5% शुल्क और 1% वार्षिक मेंटेनेंस चार्ज लगेगा।
कहां जाएगा पैसा?
गोल्ड कार्ड के तहत जमा की गई पूरी राशि सीधे अमेरिकी ट्रेजरी में जाती है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम अमेरिकी अर्थव्यवस्था और सार्वजनिक वित्त को मजबूत करने का तरीका है।
गोल्ड कार्ड और ग्रीन कार्ड में क्या अंतर है?
ग्रीन कार्ड कई तरह के रास्तों से परिवार, रोजगार, असाधारण प्रतिभा, डाइवर्सिटी लॉटरी, शरणार्थी/आश्रय के आधार पर मिलता है। निवेश आधारित ईबी-5 वीज़ा भी ग्रीन कार्ड का एक मार्ग है, लेकिन इसमें निवेशक को व्यवसाय में पैसा लगाना होता है।
गोल्ड कार्ड में प्रक्रिया बहुत सरल है बस राशि जमा करें और स्थायी निवास पाएँ। ग्रीन कार्ड की तुलना में इसमें लंबी प्रक्रियाएँ, कोटा और जटिल दस्तावेज़ीकरण की आवश्यकता नहीं है।
जानें क्यों बनाया गया है यह वीज़ा?
यह वीज़ा प्रोग्राम मुख्य रूप से अत्यंत संपन्न व्यक्तियों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। आम प्रवासियों के लिए यह रास्ता नहीं है।
गोल्ड कार्ड योजना अमेरिकी इमिग्रेशन नीति में वित्त-आधारित सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इससे राजनीतिक, आर्थिक और नैतिक बहसें तेज़ होने की संभावना है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...