US-Israel vs Iran News: दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान प्रांत में स्थित मीनाब शहर में एक स्कूल पर हमला हुआ। दावा किया जा रहा है कि यह हमला इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले का हिस्सा था। इस हमले में अब तक 40 छात्राओं की मौत की खबर है, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। शुरुआत में 24 छात्राओं के मारे जाने की खबर आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 40 हो गई।
पढ़ाई के दौरान हुआ हमला
बताया जा रहा है कि जिस समय हमला हुआ, उस वक्त बच्चियां स्कूल में पढ़ाई कर रही थीं। अचानक हुए हमले से स्कूल की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। कई छात्राएं मलबे में फंस गईं। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं।
रिवोल्यूशनरी गार्ड के ठिकाने के पास हुआ हमला
जिस इलाके में यह हमला हुआ, वहां ईरान के अर्धसैनिक बल Islamic Revolutionary Guard Corps (रिवोल्यूशनरी गार्ड) का एक अड्डा भी मौजूद है। माना जा रहा है कि हमला इसी ठिकाने को निशाना बनाकर किया गया था, लेकिन इसकी चपेट में पास का प्राइमरी स्कूल भी आ गया।
ईरान ने किया जवाबी हमला
इस घटना के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की है। खबरों के अनुसार, ईरान ने इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है। इसके अलावा, ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया है। इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
इलाके में बढ़ा तनाव
इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। दोनों पक्षों की ओर से जवाबी कार्रवाई जारी है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चिंता जताई जा रही है। स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है और आगे क्या होगा, यह आने वाले समय में साफ होगा।