Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

Venezuela: अमेरिका का वेनेजुएला पर हमला, काराकस में किए धमाके; राष्ट्रपति मादुरो ने घोषित की इमरजेंसी

January 3, 2026

Venezuela: अमेरिका का वेनेजुएला पर हमला, काराकस में किए धमाके; राष्ट्रपति मादुरो ने घोषित की इमरजेंसी

इंटरनेशनल डेस्क: वेनेजुएला की राजधानी काराकस शनिवार देर रात तेज धमाकों से दहल उठी। इनमें सैन्य ठिकाने भी शामिल हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर हमने यह कार्रवाई की है। इन हमलों के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में नेशनल इमरजेंसी घोषित कर दी है।

स्थानीय मीडिया और चश्मदीदों के अनुसार, शहर के कई अहम और रणनीतिक इलाकों में संदिग्ध हवाई हमले किए गए। इन धमाकों के बाद कई इलाकों में लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोग सड़कों पर इक्ट्ठा हो गए और आसमान की तरफ देखते नजर आए।

ट्रंप के निर्देश पर वेनेजुएला में सैन्य ठिकाने को टारेगट किया

वहीं, अमेरिकी अधिकारियों ने सीबीएस न्यूज को बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर हमने यह कार्रवाई की है। हमने वेनेजुएला के भीतर कई ठिकानों पर तेज हमले किए हैं। इसमें सैन्य ठिकाने भी शामिल हैं। शनिवार सुबह ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो की सरकार के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी।

वहीं, अमेरिकी हमले के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बयान में कहा कि वेनेजुएला ने अमेरिका के मिलिट्री हमले को खारिज कर दिया है। रॉयटर्स के अनुसार, बयान में बताया गया अमेरिका के हमले का उद्देश्य वेनेजुएला के तेल और मिनरल पर कब्जा करना है।

कई इलाकों में बिजली गुल

धमाकों के बाद काराकस के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहला धमाका रात करीब 1:50 बजे हुआ। एक धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। इसके बाद लगातार कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के अंधेरे में शहर के ऊपर धुएं के बड़े-बड़े गुबार उठ रहे हैं। कुछ जगहों पर नारंगी रंग की तेज रोशनी दिखाई दी, जिसके तुरंत बाद जोरदार विस्फोट हुआ।

 

सात अलग-अलग जगहों पर धमाके

पहले के अपडेट के मुताबिक, एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, काराकस में कम से कम सात धमाके हुए। इसके साथ ही आसमान में कई फाइटर जेट उड़ते हुए देखे गए। खास तौर पर शहर के पश्चिमी हिस्से में स्थित वेनेजुएला के बड़े सैन्य ठिकानों ‘फोर्ट टिउना’ और ‘ला कार्लोटा’ के आसपास जोरदार धमाकों की खबर है।

पहले भी चेतावनी दे चुके हैं ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कई बार वेनेजुएला को चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला में कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। अक्टूबर में ट्रंप ने यह भी दावा किया था कि उन्होंने सीआईए को वेनेजुएला के भीतर ऑपरेशन चलाने की अनुमति दी है, ताकि अवैध प्रवास और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने की अमेरिकी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। हाल के महीनों में अमेरिका ने वेनेजुएला पर प्रतिबंध और सख्त किए हैं, सैन्य गतिविधियां बढ़ाई हैं और मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में कई जहाजों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। फिलहाल पूरे मामले पर स्थिति साफ नहीं है और दुनिया की नजरें वेनेजुएला और अमेरिका के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें