Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

दो राष्ट्रपति, एक स्थान, पहले रोनाल्ड और अब डोनाल्ड, जानें वाशिंगटन हिल्टन में हुए हमलों का इतिहास

April 26, 2026

दो राष्ट्रपति, एक स्थान, पहले रोनाल्ड और अब डोनाल्ड, जानें वाशिंगटन हिल्टन में हुए हमलों का इतिहास

Washington Hilton: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन, डी.सी. स्थित वाशिंगटन हिल्टन एक बार फिर सुर्खियों में है। वजह है हाल ही में हुई गोलीबारी, जिसने दशकों पुराने एक बड़े हमले की यादें ताजा कर दी हैं। यह वही होटल है जहां 1981 में तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर जानलेवा हमला हुआ था। अब करीब 45 साल बाद, इसी जगह फिर गोलियों की आवाज गूंजी, इस बार जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

1981 में जब रीगन पर हुआ था हमला
30 मार्च 1981 को रोनाल्ड रीगन इस होटल में एक कार्यक्रम के बाद बाहर निकल रहे थे, तभी जॉन हिंकले जूनियर. ने उन पर गोली चला दी। हमले में रीगन के अलावा सीक्रेट सर्विस एजेंट टिमोथी मैकार्थी, पुलिस अधिकारी थॉमस डेलाहंटी और प्रेस सचिव जेम्स ब्रैडी घायल हो गए थे। इस हमले में ब्रैडी की हालत बेहद गंभीर रही थी और बाद में उनकी मौत को भी इसी हमले से जुड़ा हुआ माना गया। इस घटना के बाद राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था में बहुत से बड़े बदलाव किए गए।

ये भी पढ़ें- ट्रंप ने जारी की सुरक्षा ब्रीच की वीडियो, दिखाई शूटर की एंट्री, हिरासत में लिए सस्पेक्ट की तस्वीरें भी आई सामने

फिर गूंजी गोलियों की आवाज
25 अप्रैल 2026 की रात वाशिंगटन हिल्टन में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मुख्य अतिथि थे। हमले के दौरान हिल्टन में करीब 2600 लोग मौजूद थे।

कार्यक्रम शुरू होने ही वाला था कि अचानक 4 से 6 राउंड फायरिंग जैसी आवाजें सुनाई दीं। पहले तो लोगों को भ्रम हुआ कि यह आतिशबाजी हो सकती है, लेकिन जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो गई। होटल की लॉबी और बॉलरूम के बाहर गोलीबारी जैसी स्थिति बन गई। इससे हॉल के अंदर मौजूद लोग घबरा गए।

सीक्रेट सर्विस की कार्रवाई
अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां घटना के तुरंत बाद सक्रिय हो गईं। संयुक्त राज्य सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तेजी से राष्ट्रपति ट्रंप और मेलानिया ट्रम्प को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद हॉल के अंदर मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। गोलियों की आवाज सुनकर कई लोग टेबल के नीचे छिप गए तो कुछ जमीन पर लेट गए।

ये भी पढ़ें- बीच में ही अटकी ईरान-अमेरिका की दूसरी शांति वार्ता, ट्रंप ने रद्द किया अपने खास दूतों का दौरा

कुछ ही देर में सुरक्षा कर्मियों ने पूरे इलाके को घेर लिया और संदिग्ध को होटल की लॉबी के पास से हिरासत में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी वीआईपी भी सुरक्षित रहे।

दो राष्ट्रपति, दो घटनाएं, एक स्थान
अगर 1981 और 2026 की घटनाओं को साथ देखें, तो वाशिंगटन हिल्टन उन चुनिंदा जगहों में शामिल हो गया है जहां अलग-अलग समय पर राष्ट्रपति की मौजूदगी में गोलीबारी की घटना हुई।

सुरक्षा पर उठे सवाल
1981 में हुए हमले की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार किए गए थे, लेकिन ताजा घटना ने एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: UK Board Result 2026: जारी हुआ 10वीं और 12वीं के नतीजे, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, जानें कैसे चैक करें रिजल्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें