इंटरनेशनल डेस्क: हल्की बर्फबारी और नीले फ़िरोज़ी समुद्र के अनुपम संगम के बीच चीन के पूर्वोत्तर प्रांत ल्याओनिंग के तटीय शहर ताल्येन में रविवार को 2026 ताल्येन ओपन शीतकालीन तैराकी प्रतियोगिता और कार्निवल का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन ताल्येन शहर के शिंगहाई खाड़ी में संपन्न हुआ, जिसमें चीन सहित विदेशों की 56 टीमों और लगभग 2 हज़ार प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘विंटर स्विम इन ताल्येन, फॉरवर्ड विद कॉरेज’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को रोमांच, प्रतिस्पर्धा और मनोरंजन का अद्वितीय संगम प्रदान किया। आयोजन में 100 मीटर ओपन वाटर रेस, 25 मीटर रिले और 25 मीटर पूल रेस जैसी प्रतिस्पर्धात्मक श्रेणियाँ शामिल थीं। साथ ही ‘मास स्विम’ और ‘डक कैचिंग’ जैसे मनोरंजक कार्यक्रमों ने विभिन्न आयु और कौशल स्तर के प्रतिभागियों को हिस्सा लेने और समुद्र की ठंडक में साहसिक आनंद का अनुभव करने का अवसर दिया।
जहाँ समुद्र की लहरों पर प्रतियोगिता जोरों पर थी, वहीं समुद्र तट पर कार्निवल का वातावरण उल्लास और रंगीन उत्सव से भरपूर था। शीतकालीन तैराकी थीम पर आधारित फैशन शो, स्थानीय व्यंजनों के स्वाद, सांस्कृतिक प्रदर्शनियों तथा हस्तशिल्प स्टालों ने प्रतियोगिता को केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया। इससे न केवल प्रतिभागियों, बल्कि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भी ताल्येन की विविधता और जीवंत संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिला।
आयोजन स्थल के बाहर भी शहर में उत्सव का माहौल देखा गया। स्थानीय व्यावसायिक क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों, रेस्तरां और सांस्कृतिक केंद्रों ने विशेष ऑफ़र और कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे ‘खाना, ठहरना, यात्रा, दर्शन, खरीदारी और मनोरंजन’ की पूरी श्रृंखला को खेल प्रतियोगिता के साथ जोड़ दिया गया। इस एकीकृत प्रयास ने खेल, संस्कृति, व्यापार और पर्यटन चारों क्षेत्रों को एक मंच पर लाकर शहर की समग्र छवि को निखारा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की।
ताल्येन खेल ब्यूरो के उप निदेशक ल्यू यान ने बताया कि ताल्येन शीतकालीन तैराकी ओपन इस बात का श्रेष्ठ उदाहरण है कि कैसे ‘बर्फीली ज़मीन भी सोने-चांदी जैसी है’ की अवधारणा को व्यवहार में लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन समुद्री ‘ठंडे संसाधनों’ को शहरी विकास की ‘गर्म ताक़त’ में बदलना ताल्येन की नई रणनीति का हिस्सा है।
उनके अनुसार, वर्ष 2026 में ताल्येन शहर 500 से अधिक विभिन्न स्तर की खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित करेगा, संस्कृति, खेल, वाणिज्य और पर्यटन के गहन एकीकरण पर ध्यान केंद्रित करेगा, ‘इवेंट इकोनॉमी’ को बढ़ावा देगा और खेल आयोजनों के माध्यम से शहर के उच्च-गुणवत्ता वाले विकास को नई गति प्रदान करेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

