Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

Joe Biden प्रशासन में दुनिया को तृतीय विश्व युद्ध का करना पड़ सकता है सामना : Donald Trump

April 5, 2023

Joe Biden प्रशासन में दुनिया को तृतीय विश्व युद्ध का करना पड़ सकता है सामना : Donald Trump

वाशिंगटनः अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मौजूदा प्रशासन पर देश को तबाह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जो बाइडेन प्रशासन के तहत दुनिया को तृतीय विश्व युद्ध का सामना करना पड़ सकता है, जिसमें परमाणु हथियारों का इस्तेमाल होने की आशंका है। ट्रंप (76) ने मंगलवार को एक मामले में आरोपित किये जाने के बाद अपने पहले सार्वजनिक भाषण में यह बात कहीं। ट्रंप पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिन पर आपराधिक आरोप लगे हैं। उन्होंने मंगलवार को मैनहट्टन की एक अदालत में पेशी के दौरान कारोबारी रिकॉर्ड में हेरफेर करने संबंधी 34 संगीन आरोपों में खुद को बेकसूर बताया। ट्रंप 2016 के राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार के दौरान ईल फिल्मों की अभिनेत्री स्टार्मी डेनियल को मुंह बंद रखने के लिए धन देने के आरोपों से जुड़े आपराधिक मामले में सुनवाई के लिए मंगलवार को मैनहट्टन की अदालत में पहुंचे थे।

पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि अनेक देश परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की खुली धमकी दे रहे हैं, जबकि उनके प्रशासन के दौरान अन्य देशों ने कभी इसका उल्लेख नहीं किया था या इसकी बात नहीं की थी। ट्रंप ने न्यूयॉर्क से लौटने के बाद फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट में भाषण देते हुए कहा, कि ‘ जाे बाइडेन प्रशासन के नेतृत्व में पूरी तरह परमाणु शस्त्र आधारित तृतीय विश्व युद्ध की ओर बढ़ने की पूरी आशंका है। आप मानें या न मानें, हम बहुत दूर नहीं हैं।’’ रिपब्लिकन नेता ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन (डेमोक्रेट नेता) के शासन में देश अव्यवस्था का शिकार है।

उन्होंने कहा, कि ‘हमारी अर्थव्यवस्था तबाह हो रही है। महंगाई बेकाबू है। रूस ने चीन से हाथ मिला लिया है। क्या आप इस पर भरोसा करेंगे? सऊदी अरब ने ईरान से हाथ मिला लिया है।’’ ट्रंप ने कहा कि चीन, रूस, ईरान और उत्तर कोरिया ने मिलकर एक ‘विनाशकारी गठबंधन’ बना लिया है और उनके नेतृत्व में ऐसा कभी नहीं हो सकता था। उन्होंने यूक्रेन में हुई तबाही का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘अगर मैं आपका राष्ट्रपति होता तो ऐसा कभी नहीं होता। ना ही रूस यूक्रेन पर हमला करता। मारे गए सभी लोग आज जिंदा होते। वो सभी खूबसूरत शहर अपनी जगह होते।’’ ट्रंप ने कहा, कि ‘अगर आप अमेरिका के इतिहास के पांच सबसे खराब राष्ट्रपतियों को लें और उन्हें मिला लें तो भी उन्होंने हमारे देश का इतना विनाश नहीं किया होगा, जितना जो बाइडेन और बाइडेन प्रशासन ने किया है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें