Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

शी चिनफिंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के स्वागत भोज का आयोजन किया

May 14, 2026

शी चिनफिंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के स्वागत भोज का आयोजन किया

14 मई की शाम को, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने देश की राजधानी पेइचिंग में स्थित जन बृहद भवन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के चीन दौरे के स्वागत के लिए एक भव्य भोज का आयोजन किया। जन बृहद भवन का गोल्डन हॉल जगमगा रहा था, और दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने एक के बाद एक भाषण दिए। अपने संबोधन में शी चिनफिंग ने कहा कि इस वर्ष चीन की “15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026-2030) का शुभारंभ हो रहा है। 1.4 अरब से अधिक चीनी लोग, 5000 वर्षों से अधिक पुरानी चीनी सभ्यता की समृद्ध नींव पर आधारित होकर, उच्च गुणवत्ता वाले विकास के माध्यम से चीनी शैली के आधुनिकीकरण को व्यापक रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। इसी वर्ष अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है। वहीं, 30 करोड़ से अधिक अमेरिकी अपने देशभक्ति, नवाचार और अग्रणी भावना को पुनर्जीवित करते हुए अमेरिका को विकास के नए युग की ओर ले जा रहे हैं।

शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि चीन और अमेरिका दोनों देशों के लोग महान लोग हैं। चीनी राष्ट्र के महान पुनरुत्थान को साकार करना और अमेरिका को पुनः महान बनाना समानांतर रूप से, पारस्परिक रूप से लाभकारी और विश्व के लिए अनुकूल तरीके से किया जा सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि 55 वर्ष पूर्व, चीन और अमेरिका ने “पिंग-पोंग कूटनीति” शुरू की थी, जिसने उनके संबंधों में दो दशकों से अधिक समय तक चले गतिरोध का द्वार खोल दिया और समकालीन अंतरराष्ट्रीय संबंधों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना बन गई। तब से, चीन और अमेरिका के बीच खुले सहयोग की अनगिनत कहानियों ने मित्रता की गाथाएँ लिखी हैं। नई परिस्थितियों में, मैंने राष्ट्रपति ट्रम्प से कई बार मुलाकात की और उनसे बातचीत की, जिससे चीन-अमेरिका संबंधों की समग्र स्थिरता को बढ़ावा मिला। हम इस बात से सहमत हैं कि चीन-अमेरिका संबंध आज विश्व में सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंध हैं, और इन्हें केवल सुधारा जा सकता है, न कि नुकसान पहुँचाया जा सकता है।

शी चिनफिंग ने कहा कि सहयोग चीन और अमेरिका दोनों देशों के लिए लाभदायक है, जबकि टकराव दोनों को नुकसान पहुँचाता है। दोनों देशों को साझेदार होना चाहिए, शत्रु नहीं। हम चीन और अमेरिका के बीच रचनात्मक रणनीतिक स्थिरता संबंध बनाने पर सहमत हुए, जो चीन-अमेरिका संबंधों के स्थिर, स्वस्थ और सतत विकास को बढ़ावा देगा और विश्व में अधिक शांति, समृद्धि और प्रगति लाएगा।
अपने भाषण में शी चिनफिंग ने यह भी उल्लेख किया कि चीन-अमेरिका संबंधों के विकास पर नज़र डालें, तो द्विपक्षीय संबंधों के स्थिर विकास की कुंजी आपसी सम्मान, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और पारस्परिक लाभ वाले सहयोग की प्राप्ति में निहित है। चीन-अमेरिका संबंध दोनों देशों के 1.7 अरब से अधिक लोगों के कल्याण से जुड़े हैं और विश्व भर के 8 अरब से अधिक लोगों के हितों को प्रभावित करते हैं। दोनों देशों को संयुक्त रूप से इस ऐतिहासिक दायित्व को निभाना चाहिए और चीन-अमेरिका संबंधों के विशाल पोत को सही दिशा में सुचारू रूप से आगे बढ़ाना चाहिए।

वहीं, अपने भाषण में राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी चीन यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे आतिथ्य का गहरा आभार व्यक्त किया और कहा, “आज का दिन बहुत ही खूबसूरत है। यह एक महत्वपूर्ण यात्रा रही है और दोनों पक्षों ने सकारात्मक और रचनात्मक संवाद किया है। अमेरिकी और चीनी लोग एक-दूसरे की सराहना और सम्मान करते हैं और उनकी मित्रता का लंबा इतिहास है। अमेरिका-चीन संबंध विश्व के सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंध हैं और दोनों देशों को विश्व के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने के लिए सहयोग को मजबूत करना चाहिए।”

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें